केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री गडकरी से परिवहन मंत्री सिंह ने की मुलाकात

एटीएस विहीन जिलों में वाहन स्वा्मि‍यों की सुविधा को देखते हुए मैनुअल वाहन फिटनेस प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति का आग्रह

परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने नई दिल्ली पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से सौजन्यर मुलाकात की। इस दौरान परिवहन मंत्री सिंह ने मध्यप्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों एवं परिवहन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

भेंट के दौरान परिवहन मंत्री सिंह ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 1 जनवरी 2026 को जारी पत्र के बारे में केंद्रीय मंत्री गडकरी को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला परिवहन कार्यालयों में वाहनों की मैनुअल फिटनेस प्रक्रिया को समाप्त कर केवल ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) के माध्यम से ही फिटनेस परीक्षण कराए जाने का प्रावधान किया गया है।

वर्तमान में यह व्यवस्था मध्यप्रदेश के 9 जिले ग्वालियर, इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन, सतना, सिंगरौली, देवास एवं धार में संचालित हैं। इन जिलों में वाहनों की फिटनेस प्रक्रिया पूरी तरह से ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (ATS) के माध्यम से ही की जा रही है। उन्हों ने बताया कि मध्यप्रदेश भौगोलिक दृष्टि से एक बड़ा राज्य है, जहां कई जिलों के बीच की दूरी 150 किलोमीटर से अधिक है। ऐसी स्थिति में ATS विहीन जिलों के वाहन स्वामियों को फिटनेस परीक्षण के लिए अन्य जिलों में वाहन को लेकर जाना पड़ता है। इससे समय अधि‍क लगता है और ईंधन की भी अधिक खपत होती है। इसके अतिरिक्त, यात्री वाहनों के परमिट निश्चित मार्गों एवं क्षेत्रों के लिए जारी किए जाते हैं। यदि यात्री वाहन अपने निर्धारित परमिट मार्ग से भिन्न मार्ग पर फिटनेस परीक्षण के लिए जाते हैं, तो यह वैधानिक रूप से भी अनुचित होगा।

इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए परिवहन मंत्री सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी से आग्रह किया है कि जब तक राज्य के प्रत्येक जिले में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन की स्थापना नहीं हो जाती, तब तक ATS विहीन जिलों में वाहन स्वामियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए जिला परिवहन कार्यालयों के माध्यम से मैनुअल फिटनेस प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति दी जाए। केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने प्रक्रिया को यथाशीघ्र अनुमति प्रदान करने की सहमति व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *