विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान-2026 के अन्तर्गत एक जनवरी 2026 की अर्हता तिथि पर पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने के लिये विशेष शिविर आयोजित होंगे। यह विशेष शिविर जिला स्तर पर 09 एवं 10 जनवरी को हायर सेकेण्डरी स्कूलों, महाविद्यालयों एवं उच्च शिक्षा के शैक्षणिक संस्थाओं आदि में आयोजित किये जाएंगे।

इस संबंध में जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा शैक्षणिक संस्थाओं के प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्हें निर्देशित किए गए है कि उन्हें निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शिविर आयोजित कर सभी पात्र विद्यार्थियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करवाये। इस संबंध में सभी हायर सेकेण्डरी स्कूल, महाविद्यालय एवं उच्च शिक्षा के अन्य शैक्षणिक संस्थानों में मानक संचालन प्रक्रिया का पालन करते हुए विशेष शिविर आयोजित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
जिले के हायर सेकेण्डरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित किये जाने के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी, महाविद्यालय स्तर पर अपर संचालक उच्च शिक्षा एवं विश्वविद्यालय /प्रशिक्षण केन्द्र आदि हेतु कुल सचिव देवी अहिल्या विश्वविद्यालय इन्दौर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
नियुक्त नोडल अधिकारी संबंधित विधानसभा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क स्थापित कर निर्धारित तिथि पर कैम्प का आयोजन सुनिश्चित करेंगे। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर पात्र नये युवाओं जिनके नाम दिनांक 23 दिसम्बर 2025 को प्रकाशित प्रारूप निर्वाचक नामावली में नहीं है, उनके नाम जोड़ने की प्रक्रिया करेंगे।
