Headlines

इंदौर में वोटर लिस्ट विशेष अभियान: 7, 8 और 9 अक्टूबर को हर मतदान केंद्र पर शिविर, कलेक्टर की युवाओं से अपील

कलेक्टर शिवम वर्मा साभार: कलेक्टर कार्यालय, इंदौर

इंदौर ब्यूरो। इंदौर जिले में मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 7, 8 और 9 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करेंगे।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवम वर्मा ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि सूची में उनका नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता रखते हैं, तो फार्म-6 में आवेदन जरूर करें। कलेक्टर ने इस संबंध में वीडियो संदेश भी जारी किया है।

फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लगेगा

अभियान की सबसे बड़ी राहत यह है कि नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। इससे प्रक्रिया आसान होगी और अधिक से अधिक पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे। इस संबंध में सभी बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

युवाओं और पहली बार वोट देने वालों से विशेष अपील

कलेक्टर ने विशेष रूप से युवाओं और ऐसे पात्र नागरिकों से अपील की है, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करने जा रहे युवा इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।

राजनीतिक दलों से सहयोग का आग्रह

सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से आग्रह किया गया है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से इस कार्य में सहयोग करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे।

स्रोत: जनसंपर्क, मध्यप्रदेश

https://www.facebook.com/watch/?v=1089371677357131
वीडियो: कलेक्टर कार्यालय, इंदौर (फेसबुक)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार