इंदौर: दूषित जल त्रासदी पर सवाल पूछने पर भड़के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, वीडियो वायरल

इंदौर नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पत्रकारों पर नाराज़ होते और उन्हें चुनौती देते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हो गई थी। इसी गंभीर मामले को लेकर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने चिंटू चौकसे से सवाल किया कि इंदौर जल त्रासदी पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया काफी देर से क्यों आई और क्या इस मामले में मेयर से किसी तरह की मिलीभगत है।

इतना सुनते ही चिंटू चौकसे भड़क उठे और मीडियाकर्मियों पर नाराज़गी जताने लगे। उन्होंने पत्रकारों के सवालों पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

इस दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस के अन्य नेता उन्हें समझाते नजर आए। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि इस पूरे मामले में सभी को मिलकर काम करने की जरूरत है, ताकि इस हादसे के जिम्मेदार लोग एक बार फिर बच न निकलें।

फिलहाल, यह वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है और दूषित जल से हुई मौतों के मामले ने एक बार फिर प्रशासनिक जवाबदेही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *