Headlines

’36 मौतों’ का हिसाब मांगने भागीरथपुरा पहुंचे कांग्रेस नेता — दिसंबर में बड़े आंदोलन की तैयारी

भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिलते कांग्रेस नेता

इंदौर ब्यूरो। इंदौर के चर्चित भागीरथपुरा दूषित जलकांड को कांग्रेस एक बार फिर सियासी मुद्दा बनाने की तैयारी में है। रविवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल भागीरथपुरा बस्ती पहुंचा और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। करीब नौ महीने पहले हुए इस हादसे में बस्ती के लोगों का दावा है कि दूषित पानी पीने से 36 लोगों की मौत हुई, जबकि 500 से ज्यादा लोग डायरिया, पीलिया सहित अन्य बीमारियों से जूझते रहे।

भागीरथपुरा में पीड़ित परिवारों से मिलते कांग्रेस नेता
फोटो: अमर उजाला

पीड़ित परिवारों से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जांच रिपोर्ट के प्रमुख बिंदुओं की जानकारी दी और भरोसा दिलाया कि पूरे मामले में पार्टी उनके साथ खड़ी है। रहवासियों ने कहा कि बस्ती में कई लोगों की किडनी और लीवर ठीक से काम नहीं कर रहे हैं, और दोषियों को सजा मिलनी ही चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए, पीड़ित परिवार के कम से कम एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए, और रिपोर्ट में जिन अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की लापरवाही उजागर हुई है, उनके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई हो।

जांच रिपोर्ट दबाने का आरोप

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि अदालत के आदेश पर सार्वजनिक हुई आयोग की जांच रिपोर्ट को सरकार दबाने का प्रयास कर रही थी, और रिपोर्ट में कई लोगों को बचाने की कोशिश की गई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भागीरथपुरा मामले में अदालत में याचिका भी लगी है, जिसमें वकीलों के माध्यम से पार्टी बस्तीवासियों का पक्ष मजबूती से रखेगी।

दिसंबर में बड़े आंदोलन की तैयारी

कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि दिसंबर में इस कांड को एक साल पूरा होने पर पार्टी भागीरथपुरा मामले में बड़ा आंदोलन करेगी। आंदोलन में ज्यादा से ज्यादा रहवासियों की सहभागिता पर जोर दिया जा रहा है। नेताओं ने कहा कि आने वाले दिनों में पीड़ित परिवारों को साथ लेकर प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके जरिए सरकार और प्रशासन से दोषियों पर सख्त कार्रवाई और पीड़ितों को उचित न्याय की मांग की जाएगी।

फोटो: अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार