इंदौर, 4 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सेवा, संवेदना और सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न सेवा गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में ‘सेवा मेरा योगदान अभियान’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ के अंतर्गत रविवार को राजकीय बाल संरक्षण आश्रम, मुराई मोहल्ला, छावनी इंदौर में सेवा गतिविधि का आयोजन किया गया।
जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट एवं सांसद श्री शंकर लालवानी ने आश्रम में निवासरत निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ आनंदोत्सव कार्यक्रम में सहभागिता की तथा बच्चों को फल, स्कूल सामग्री एवं पानी की बोतलें वितरित कीं।
सेवा ही सामाजिक जिम्मेदारी : मंत्री सिलावट
मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के निराश्रित बच्चों के साथ खड़ा होना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचायक है। ऐसे सेवा कार्य समाज में आपसी सहयोग, करुणा, अपनत्व और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में प्रदेश में सेवा और जनकल्याण की भावना को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मंत्री श्री सिलावट ने कहा कि ‘सेवा मेरा योगदान’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ जैसे प्रयास समाज के प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं। सेवा के लिए किया गया छोटा-सा योगदान भी किसी जरूरतमंद के जीवन में बड़ी खुशी और नई उम्मीद का संचार कर सकता है।
बच्चों से आत्मीय संवाद
सांसद श्री शंकर लालवानी ने भी बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों के जीवन में खुशियां लाना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम का उद्देश्य आश्रम में निवासरत बच्चों के साथ आत्मीय समय बिताना, उनकी आवश्यकताओं में सहयोग प्रदान करना तथा उनके जीवन में खुशियां एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा।
इस अवसर पर मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, क्षेत्रीय वार्ड पार्षद श्रीमती पंखुरी जैन डोसी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री रजनीश सिन्हा एवं अधीक्षक श्रीमती मीनाक्षी हरवंश ने आश्रम में उपस्थित बच्चों को फल, स्कूल सामग्री एवं पानी की बोतलें वितरित कीं।
(फोटो: सौजन्य)
