इंदौर, 05 जनवरी 2026।

मध्यप्रदेश शासन एवं जिला प्रशासन के निर्देशानुसार बेरोजगार युवाओं को एक ही छत के नीचे रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, आईटीआई एवं जिला उद्योग केंद्र इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में आज संयुक्त रोजगार मेला (युवा संगम) का आयोजन किया गया।
इस रोजगार मेले में कुल 12 प्रतिष्ठित कंपनियों ने सहभागिता की, जिनके माध्यम से विभिन्न रिक्त पदों की पूर्ति हेतु 167 आवेदकों का नौकरी एवं अप्रेंटिसशिप के लिए प्रारंभिक चयन किया गया।
जिला रोजगार कार्यालय के उप संचालक श्री पी.एस. मण्डलोई ने बताया कि रोजगार मेले में कुल 284 उम्मीदवारों ने पंजीयन कराया, जिनमें 230 युवक एवं 54 युवतियां शामिल थीं। इनमें से 167 अभ्यर्थियों का फार्माशिस्ट, एचआर, सेल्स एक्जीक्यूटिव, डिजिटल मार्केटिंग, टेलीकॉलर, बैक ऑफिस, ट्रेनी, फीटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, कोपा, टर्नर, ऑपरेटर सहित अन्य पदों के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले के दौरान जिला उद्योग केंद्र के प्रबंधक द्वारा स्वरोजगार के इच्छुक आवेदकों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा उन्हें प्रकरण तैयार कर स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन एवं प्रेरित किया गया।
इसके साथ ही शासन की अप्रेंटिसशिप योजना अंतर्गत चयनित आवेदकों को संबंधित कंपनियों में प्रशिक्षण हेतु भेजा गया। यह कार्यक्रम तीनों विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
