स्व. रामलाल यादव (भल्लू भैया) की नवम पुण्यतिथि पर भव्य धार्मिक यात्रा रवाना

इंदौर से मथुरा–वृन्दावन एवं गोवर्धन परिक्रमा हेतु 1000 श्रद्धालु हुए रवाना

इंदौर। बाणेश्वर कुण्ड, बाणगंगा से स्वर्गीय रामलाल यादव (भल्लू भैया) की नवम पुण्यतिथि के अवसर पर एक भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनकी पावन स्मृति में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपू यादव एवं उनके अनुज यदु यादव द्वारा चौथी बार मथुरा–वृन्दावन यात्रा एवं गोवर्धन पर्वत परिक्रमा का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 1000 श्रद्धालु ट्रेन द्वारा रवाना हुए।

यह धार्मिक यात्रा 7 जनवरी 2026 को इंदौर लौटेगी। यात्रा का शुभारंभ बाणेश्वर महादेव एवं बाणेश्वर हनुमान जी की विधिवत पूजा-अर्चना, आरती एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ किया गया। इस दौरान स्व. रामलाल यादव के व्यक्तित्व, उनके सामाजिक योगदान और धार्मिक मूल्यों को स्मरण करते हुए श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

जीवन मूल्यों से प्रेरित है यह यात्रा

इस अवसर पर दीपू यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि पूज्य पिताजी के जीवन मूल्यों, सेवा भावना और धार्मिक आस्था से प्रेरित होकर यह यात्रा प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है। उन्होंने बताया कि यह यात्रा का चौथा वर्ष है और इस बार इसका स्वरूप और भी व्यापक रखा गया है, जिसमें 1000 श्रद्धालुओं को शामिल किया गया है।

मथुरा–वृन्दावन और गोवर्धन के दर्शन

यात्रा के दौरान श्रद्धालु मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि, वृन्दावन में श्री बांके बिहारी जी, इस्कॉन मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करेंगे। इसके पश्चात श्रद्धालु गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा कर धार्मिक पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।

आयोजकों द्वारा यात्रा के दौरान ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

7 जनवरी को होगा समापन समारोह

यात्रा के समापन अवसर पर 7 जनवरी 2026 को इंदौर लौटने पर सभी श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक प्रसाद वितरण एवं धन्यवाद समारोह आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *