शाजापुर ब्यूरो। कालापीपल के भाजपा विधायक घनश्याम चंद्रवंशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे दोपहिया वाहन रैली में दोनों हाथों से बुलेट का हैंडल छोड़कर चलाते दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने और तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने के बाद विधायक ने खुद वीडियो जारी कर माफी मांगी है।
जल जन सेवा रैली में हुआ वाकया
सोमवार को कालापीपल से जामनेर तक जल जन सेवा रैली निकाली गई थी। इसी रैली में विधायक बुलेट मोटरसाइकिल चला रहे थे। वीडियो में वे कुछ देर तक हैंडल छोड़े बाइक चलाते नजर आ रहे हैं। गनीमत रही कि इस दौरान कोई हादसा नहीं हुआ। रैली में कई कार्यकर्ता भी मोटरसाइकिल पर सवार थे और विधायक ने हेलमेट पहना हुआ था।
सांकेतिक तस्वीर। फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स
‘जोश और उत्साह में हो गया, ऐसा कोई न करे’
विवाद बढ़ने पर विधायक ने माफी मांगते हुए कहा कि रैली में युवाओं के साथ उत्साह के बीच उनसे यह चूक हुई। उन्होंने कहा कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करते हैं, लेकिन कल यात्रा के दौरान जोश में हैंडल छोड़ दिया गया था। विधायक ने युवाओं से अपील की कि ऐसा कोई न करे और उनके द्वारा कोई स्टंट नहीं किया गया था।
विपक्ष ने उठाए सवाल, पुलिस ने कहा — जांच होगी
मामले में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक ने सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि आम नागरिक कोई गलती करे तो तुरंत चालान और कार्रवाई होती है, लेकिन नेता के मामले में उसे सिर्फ जोश कहकर छोड़ दिया जाता है। उन्होंने पूछा कि क्या कानून सबके लिए समान काम करेगा। उधर, शुजालपुर के एसडीओपी ने कहा है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि इन्हीं विधायक ने गणेश उत्सव के दौरान मूर्ति को कार में सीट बेल्ट लगाकर यातायात नियम पालन का संदेश दिया था।
