Headlines

शिवपुरी में काले कुत्ते का आतंक: 35 से ज्यादा लोगों को काटा, बच्चे भी घायल; नगर पालिका की टीम ने पकड़ा

शिवपुरी में आवारा कुत्ते को पकड़ती नगर पालिका की टीम

शिवपुरी ब्यूरो। शिवपुरी शहर में शनिवार शाम से एक काले कुत्ते ने ऐसा आतंक मचाया कि 35 से ज्यादा लोग उसके काटने से घायल हो गए। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। अचानक राह चलते लोगों पर हुए हमलों से शहर के कई इलाकों में डर का माहौल बन गया। रविवार को मामला सामने आने के बाद नगर पालिका की टीम ने काफी तलाश के बाद कुत्ते को पकड़ लिया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

शिवपुरी में आवारा कुत्ते को पकड़ती नगर पालिका की टीम
शिवपुरी में आवारा कुत्ते को पकड़ती नगर पालिका की टीम। फोटो: अमर उजाला — वीडियो स्क्रीनशॉट

शनिवार शाम से शुरू हुआ हमला

बताया जा रहा है कि कुत्ते ने शनिवार शाम से ही शहर के अलग-अलग इलाकों में लोगों पर हमले शुरू कर दिए थे। मनियर, गुरुद्वारा चौराहा, लुहारपुरा और पुरानी शिवपुरी के राधा रमण मंदिर क्षेत्र में कुत्ते ने राह चलते लोगों को निशाना बनाया। मनियर क्षेत्र में ही करीब पांच लोगों के काटने की जानकारी सामने आई है, जिनमें एक छह साल का बच्चा भी शामिल है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्ता बिना किसी उकसावे के अचानक लोगों पर झपट रहा था। हमलों की खबर फैलते ही स्थानीय लोग सतर्क होकर घरों से बाहर निकलने लगे।

अस्पताल में लगी भीड़, रेबीज के इंजेक्शन

घटना के बाद घायलों की बड़ी संख्या जिला अस्पताल पहुंची, जहां सभी को रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक रविवार सुबह 10 बजे तक 35 नए मरीजों को इंजेक्शन लगाया जा चुका था। कुछ लोगों ने निजी अस्पतालों में भी उपचार कराया। मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने मामले की जानकारी सिविल सर्जन को दी।

नगर पालिका की टीम ने पकड़ा कुत्ता

मामले की जानकारी मिलते ही नगर पालिका प्रशासन भी हरकत में आया। नगर पालिका के मुख्य अधिकारी ने कुत्ते को पकड़ने के लिए डॉग स्क्वाड की टीम को मौके पर भेजा। टीम ने अलग-अलग इलाकों में कुत्ते की तलाश शुरू की और काफी मशक्कत के बाद काले कुत्ते को पकड़ लिया। कुत्ते के पकड़े जाने की खबर के बाद प्रभावित इलाकों के लोगों ने राहत महसूस की।

हालांकि इस घटना ने शहर में आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने आक्रामक आवारा कुत्तों के खिलाफ प्रभावी और स्थायी कार्रवाई की मांग की है।

शिवपुरी में आवारा कुत्ते को पकड़ती नगर पालिका की टीम। फोटो: अमर उजाला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार