इंदौर: अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने भागीरथपुरा क्षेत्र का किया निरीक्षण, जलप्रदाय व सीवरेज व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इंदौर | 1 जनवरी 2026
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री संजय दुबे ने गुरुवार को इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव भी मौजूद रहे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में जलप्रदाय, सीवरेज व्यवस्था एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति की समीक्षा करना रहा।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव एवं निगम आयुक्त ने भागीरथपुरा पानी की टंकी पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। अधिकारियों की मौजूदगी में ही टंकी से जलप्रदाय किया गया। जलप्रदाय के दौरान क्षेत्र की प्रत्येक बस्ती और कॉलोनी में नगर निगम की टीमों को तैनात किया गया, जो सप्लाई हो रहे पानी की लगातार जांच कर रही थीं। टंकी और घरों से पानी के सैंपल भी लिए गए।

अपर मुख्य सचिव श्री दुबे ने स्वयं अपने हाथ में लेकर पानी की गुणवत्ता की जांच की और जलप्रदाय लाइन का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने पूरे भागीरथपुरा क्षेत्र का भ्रमण कर सीवरेज और जलप्रदाय लाइनों में संभावित लीकेज को लेकर किए गए कार्यों की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों को पानी उबालकर और छानकर ही पीने के लिए लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से सलाह दी जाए। वर्तमान में क्षेत्र में नगर निगम की जलप्रदाय एवं ड्रेनेज की पूरी टीम तैनात है और आवश्यकता अनुसार टैंकरों से भी जलप्रदाय किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने स्थानीय रहवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।

इसके पश्चात श्री दुबे ने भागीरथपुरा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) का भी निरीक्षण किया। यहां मरीजों के स्वास्थ्य रजिस्टर का अवलोकन किया गया और यह जानकारी ली गई कि वर्तमान में कितने मरीज आए हैं तथा कितनों को आगे उपचार के लिए अस्पताल रेफर किया गया है।

प्रशासन द्वारा क्षेत्र में जलप्रदाय, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सतत निगरानी रखी जा रही है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *