खजराना गणेश मंदिर में नए वर्ष के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़
इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में नए वर्ष के पहले दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में भक्तों का आना शुरू हो गया था। दूर-दराज़ से आए श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान गणेश के दर्शन किए और नए वर्ष की मंगलमय शुरुआत की।
मंदिर परिसर में “गणपति बप्पा मोरया” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश से सुख, समृद्धि और विघ्नों से मुक्ति की कामना की। खासतौर पर युवा और परिवारजन बड़ी संख्या में दर्शन के लिए पहुंचे।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं और सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई, वहीं पुलिस बल भी तैनात रहा।
नए वर्ष के पहले दिन खजराना गणेश मंदिर में दर्शन करने को शुभ माना जाता है, इसी आस्था के चलते हर साल यहां भक्तों की भारी भीड़ उमड़ती है।


