Headlines

शाजापुर: जन विश्वास शिविर में पहुंचे मंत्री इंदर सिंह परमार और नवागत कलेक्टर, सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं — कई का मौके पर निराकरण

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार

शाजापुर ब्यूरो।

शाजापुर जिले के अकोदिया क्षेत्र के अमलावती गांव में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार और नवागत कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े पहुंचे। दोनों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं, कई का मौके पर निराकरण

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी-अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। मंत्री और कलेक्टर ने एक-एक कर ग्रामीणों की बात सुनी। कई आवेदनों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपकर समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए।

17 साल पुरानी सड़क की मांग लेकर पहुंचे स्कूली बच्चे

शिविर में अमलावती गांव के स्कूली बच्चों का दर्द भी छलक पड़ा। बच्चों ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर केवड़ाखेड़ी स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल तक जाने वाले कच्चे रास्ते की बदहाली की ओर ध्यान दिलाया। गांव से स्कूल की दूरी महज दो किलोमीटर है, लेकिन पक्की सड़क न होने से बारिश के दिनों में रास्ता दलदल में तब्दील हो जाता है। रोजाना 60 से 65 बच्चे इसी रास्ते से पैदल स्कूल जाते हैं और कीचड़ के कारण उन्हें दो से ढाई घंटे लग जाते हैं। बच्चों ने कलेक्टर से गुहार लगाई कि वे खुद मौके पर आकर सड़क की दुर्दशा देखें।

लापरवाही पर भड़के मंत्री, मंच से एसडीएम को लगाई फटकार

शिविर में मौजूद उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने प्रशासनिक अधिकारियों की लेटलतीफी पर कड़ा रुख अपनाया। एक किसान की पुरानी समस्या का समाधान न होने पर मंत्री ने मंच से ही एसडीएम को सख्त लहजे में फटकार लगा दी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाएं और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर बोले — हर आवेदन का होगा निराकरण

नवागत कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े ने कहा कि शिविर में जो भी आवेदन प्राप्त होंगे, उनका निराकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

नवागत कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े
नवागत कलेक्टर डॉ. परीक्षित संजय राव झाड़े

मौके पर बंटे हितलाभ

शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही हितलाभ भी वितरित किए गए।

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार