Headlines

त्योहारों से पहले इंदौर में सफाई पर सख्ती: “लापरवाही बर्दाश्त नहीं, होगी कड़ी कार्रवाई” — आयुक्त क्षितिज सिंघल

Indore Municipal Corporation's cleanliness review meeting

इंदौर ब्यूरो

आगामी त्योहारों के दृष्टिगत शहर में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नगर निगम द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में आयुक्त क्षितिज सिंघल ने सिटी बस कार्यालय में सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में समस्त अपर आयुक्त, नियंत्रणकर्ता अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री, समस्त स्वास्थ्य अधिकारी, उद्यान अधिकारी, सीएसआई, दरोगा एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

“सफाई में लापरवाही बर्दाश्त नहीं”

आयुक्त सिंघल ने कहा कि इंदौर की पहचान स्वच्छता से है और त्योहारों के दौरान इस पहचान को बनाए रखना सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि दीपावली के पूर्व शहर के सभी बाजारों, व्यावसायिक क्षेत्रों, कॉलोनियों, गलियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट कहा — सफाई कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी

संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी करते हुए सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखें।

समीक्षा बैठक में अधिकारी
समीक्षा बैठक में अधिकारी (फोटो: विशेष)

दीपावली के दूसरे दिन विशेष अभियान

आयुक्त ने दीपावली के दूसरे दिन शहरभर में विशेष सफाई अभियान चलाने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान घरों, बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले अतिरिक्त कचरे के व्यवस्थित संग्रहण एवं परिवहन की समुचित व्यवस्था की जाए।

कचरा फेंकने वालों पर चालानी कार्रवाई

आयुक्त सिंघल ने शहर के खुले प्लॉटों, खाली भूखंडों एवं सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध सख्त चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है — कचरा जलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जाए और नियमानुसार बड़े स्पॉट फाइन लगाए जाएं।

प्रतिबंधित एवं अमानक स्तर की पॉलीथिन और कैरीबैग का संग्रहण एवं विक्रय करने वालों के विरुद्ध भी स्पॉट फाइन की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्रीन बेल्ट और 3R सेंटर

आयुक्त ने ग्रीन बेल्ट और डिवाइडरों पर विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उद्यानों एवं आवासीय क्षेत्रों से निकलने वाले ग्रीन वेस्ट का व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

दीपावली के दौरान घरों से निकलने वाली अनुपयोगी सामग्री के लिए नागरिकों को 3R (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। एनजीओ प्रतिनिधि, सफाई मित्र एवं दरोगा नागरिकों को जागरूक करेंगे।


फोटो: नगर निगम इंदौर की सफाई समीक्षा बैठक (फोटो: विशेष)

डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार