भोपाल ब्यूरो। मिंटो हॉल में चल रहे सातवें मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट (MPTM 2026) के दूसरे दिन गुरुवार को बी2बी मार्ट और प्रदर्शनी का दौर शुरू हो गया। 10 हजार से अधिक पूर्व-निर्धारित बी2बी बैठकों के जरिए प्रदेश के 355 स्थानीय पर्यटन हितधारकों की सीधी मुलाकात देश-विदेश के खरीदारों, टूर ऑपरेटरों और होटल समूहों से कराई जा रही है।
चार दिवसीय आयोजन का शुभारंभ बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया था। मार्ट में 34 से अधिक देशों के 100 से ज्यादा विदेशी प्रतिनिधियों के साथ 15 से अधिक राज्यों के 180 से ज्यादा घरेलू टूर ऑपरेटर हिस्सा ले रहे हैं।
1100 करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव
आयोजन के दौरान करीब ₹1,100 करोड़ से अधिक के संयुक्त निवेश प्रस्तावों और अनुबंधों को अंतिम रूप दिए जाने की तैयारी है। इनमें 14 पर्यटन परियोजनाओं के लिए ₹252 करोड़ के ‘लेटर ऑफ अवार्ड’ औपचारिक रूप से सौंपे जाएंगे। इसके अलावा पर्यटन कौशल, ग्रामीण होमस्टे, एडवेंचर और फिल्म पर्यटन जैसे क्षेत्रों में 12 रणनीतिक समझौते किए जाएंगे।

सीहोर में 848 करोड़ का मेगा प्रोजेक्ट
निवेश के लिहाज से सीहोर जिले के रामगढ़ में ₹848.40 करोड़ की मेगा पर्यटन परियोजना प्रमुख आकर्षण रहेगी। इस समझौते के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स, गोल्फ विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लग्जरी होटल विकसित किए जाएंगे, जिससे करीब 920 प्रत्यक्ष रोजगार पैदा होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि पर्यटन विभाग के अनुसार वर्ष 2025 में प्रदेश में पर्यटकों के आगमन में 57 प्रतिशत की ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई और कुल पर्यटकों की संख्या 21.05 करोड़ तक पहुंच गई। मार्ट के दौरान 100 प्रमुख पर्यटन स्थलों पर 1,000 एआई-सक्षम क्यूआर कोड बोर्ड लगाने की योजना भी सामने आई है।
