अमेरिका–इंदौर की साझेदारी से रॉबर्ट नर्सिंग होम में वृहद तीन दिवसीय नि:शुल्क मेडिकल कैम्प

रॉबर्ट नर्सिंग होम में अमेरिका के AIPNO क्लब (ओहायो) और इंदौर के रोटरी क्लब ऑफ इंदौर — अहिल्या, गैलेक्सी, वैली, आदर्श, मालविका एवं मार्शल के संयुक्त तत्वाधान में तीन दिवसीय वृहद निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 जनवरी 2026 तक आयोजित होगा। इस शिविर में अमेरिका से पधारे विभिन्न विशेषज्ञ क्षेत्रों के प्रसिद्ध चिकित्सकों द्वारा नागरिकों को निःशुल्क परीक्षण, परामर्श एवं दवा वितरण की सुविधा प्रदान की जा रही है। इस चिकित्सा शिविर का उद्घाटन संभागायुक्त डॉ.सुदाम खाड़े द्वारा किया गया। उन्होंने इस अंतरराष्ट्रीय सेवा सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब एवं AIPNO द्वारा किया जा रहा यह प्रयास मानव सेवा की उत्कृष्ट मिसाल है। उन्होंने अमेरिका से आए चिकित्सकों का आभार व्यक्त करते हुए इंदौर में इस शिविर के आयोजन हेतु धन्यवाद दिया।

            इस नि:शुल्‍क चिकित्सा शिविर में रोटरी क्लब द्वारा 15 दृष्टिहीन विद्यार्थियों को स्मार्ट ग्लास प्रदान किए गए। इस स्मार्ट ग्लास की सहायता से वे देख, सुन एवं पढ़ सकते हैं। यह पहल सामाजिक समावेशन और तकनीक आधारित सशक्तिकरण का प्रेरणादायी उदाहरण बनी। जिसकी सभी उपस्थितजनों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की। पहले दिन लगभग 200 मरीजों का निःशुल्क परीक्षण किया गया तथा उन्हें आवश्यक दवाइयाँ भी वितरण की गयी।

            इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में सुखदेव सिंह घुम्मण (रोटरी DGND),डॉ.विजयसेन यशलाहा (सचिव,रॉबर्ट्स नर्सिंग होम) किशोर रघुवंशी (ट्रस्टी) उपस्थित थे। नि:शुल्क चिकित्सा शिविर के प्रणेता अमेरिका निवासी रमेश भाई शाह एवं को-ऑर्डिनेटर श्री कमलेश शाह हैं, जिन्होंने पिछले एक वर्ष से इस सेवा यात्रा की रूपरेखा तैयार की। AIPNO द्वारा यह मेडिकल यात्रा प्रतिवर्ष भारत में आयोजित की जाती है। जिससे समाज को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलता है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर प्रशिक्षित अमेरिकन डॉक्टरों से परीक्षण कराकर इस सेवा का लाभ उठाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *