Headlines

नवरात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए इंदौर पुलिस की ‘शक्ति मोबाइल’: 15 वाहन रवाना, महिला हेल्पलाइन 70491-24444 जारी

शक्ति मोबाइल को हरी झंडी दिखाते पुलिस कमिश्नर

पर्व व त्योहारों के दौरान महिलाएं निर्भीक होकर करें भक्ति, इसके लिए लगातार पेट्रोलिंग करती रहेंगी पुलिस की मोबाइल शक्ति।

इंदौर ब्यूरो। शहर में महिला संबंधी अपराधों पर नियंत्रण तथा नवरात्रि पर्व के दौरान गरबा पंडालों व विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा को मद्देनजर रखते हुए भक्ति स्थलों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए पुलिस आयुक्त इंदौर नगरीय श्री संतोष कुमार सिंह के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस द्वारा शहर के सभी थाना क्षेत्रों में महिला पुलिस बल सहित शक्ति मोबाइल का गठन किया गया है, जो नवरात्रि पर्व के दौरान प्रत्येक दिवस भक्ति स्थलों जैसे गरबा पांडाल/भजन संध्या/कन्या पूजन/भंडारा आदि विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आसपास तैनात रहेंगी और लगातार पेट्रोलिंग करेंगी।

पुलिस कमिश्नर कार्यालय में ब्रीफिंग
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में शक्ति मोबाइल टीम को ब्रीफ करते अधिकारी। फोटो: इंदौर पुलिस

उक्त शक्ति मोबाइल को दिनांक 12.10.26 को पुलिस आयुक्त कार्यालय पलासिया इंदौर से पुलिस कमिश्नर इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह द्वारा इसमें लगे पुरुष व महिला बल को ब्रीफ कर 15 वाहनों की टीम को रवाना किया गया।

शक्ति मोबाइल बैनर
शक्ति मोबाइल — महिला हेल्पलाइन नंबर। फोटो: इंदौर पुलिस

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर श्री संतोष कुमार सिंह ने सभी को ब्रीफ करते हुए बताया कि, महिला अपराधों पर अंकुश लगाने एवं नवरात्रि के दौरान महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण निर्मित करने के उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए ये शक्ति मोबाइल का गठन किया गया है, जो प्रत्येक एसीपी अनुभाग के अंतर्गत कार्य करेंगी। जिसमें एक महिला उपनिरीक्षक/निरीक्षक प्रभारी, 02 महिला आरक्षक तथा 02 पुरुष आरक्षक सहित, चार पहिया वाहनों पर टीम तैनात रहेंगी, जो क्षेत्र के गरबा पांडाल/भजन संध्या/कन्या पूजन/भंडारा आदि आयोजित धार्मिक कार्यक्रम स्थल पर प्रतिदिन रात्रि के समय लगातार पेट्रोलिंग करती रहेंगी और मनचलों/छेड़छाड़ करने वालों/कार्यक्रम के आसपास नशा करने वालों व रास्तों गलियों पर संदिग्ध दिखने वालों और अवैधानिक गतिविधियों पर कड़ी नजर रखेंगी और उनके विरुद्ध उचित वैधानिक कार्यवाही करेंगी।

शक्ति मोबाइल वाहन
शक्ति मोबाइल वाहन। फोटो: इंदौर पुलिस

साथ ही वहां उपस्थित लड़कियों व महिलाओं व आयोजक महिलाओं से संवाद भी बनाये रखेंगी और कोई भी समस्या होने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार कार्यवाही करते हुए कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। एवं महिलाओं एवं लड़कियों के लिए महिला हेल्पलाइन नं. 70491-24444 जारी किया गया है जिससे उन्हें कोई समस्या या परेशानी होने पर संपर्क कर सकती है।

इस दौरान अति. पुलिस आयुक्त (अप./मुख्या.) इंदौर श्री आर. के. सिंह सहित नगरीय इंदौर के पुलिस अधिकारीगण व शक्ति मोबाइल में तैनात महिला एवं पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।


फोटो: इंदौर पुलिस (प्रेस नोट के साथ प्राप्त)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार