Headlines

राष्ट्रपति का ‘बड़ा फैसला’: 6 राज्यों में नए राज्यपाल, MP के ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड की कमान

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

दिल्ली ब्यूरो। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को छह राज्यों में राज्यपालों की नियुक्ति और तबादले के आदेश जारी कर दिए। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर अब तमिलनाडु के राज्यपाल होंगे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि ये नियुक्तियां उसी तारीख से प्रभावी होंगी, जिस दिन नव नियुक्त राज्यपाल अपने-अपने पद का कार्यभार संभालेंगे।

चार नए चेहरे, दो तबादले

इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल में चार नए चेहरों को राज्यपाल पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। झारखंड के वरिष्ठ नेता ब्रज मोहन राम को ओडिशा, हरियाणा की डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, मध्यप्रदेश के वरिष्ठ नेता डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। ओम प्रकाश माथुर और राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर पहले से ही राज्यपाल पद पर कार्यरत हैं — इन दोनों के तबादले किए गए हैं।

मध्यप्रदेश के लिए खास खबर: बिसेन को उत्तराखंड की कमान

डॉ. ढाल सिंह बिसेन मध्यप्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं और लंबे समय से संगठन व सरकार में सक्रिय रहे हैं। उन्हें उत्तराखंड जैसे महत्वपूर्ण राज्य की कमान सौंपी गई है। प्रदेश की राजनीति में उनकी इस नियुक्ति को बड़े सम्मान के तौर पर देखा जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। (फोटो: विकिमीडिया कॉमन्स)

आरलेकर को तमिलनाडु की पूर्ण जिम्मेदारी

राजेंद्र विश्वनाथ आरलेकर मार्च 2026 से तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। आर एन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाए जाने के बाद यह व्यवस्था की गई थी। अब उन्हें तमिलनाडु के राज्यपाल के तौर पर नियमित नियुक्ति मिल गई है। आरलेकर गोवा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और हिमाचल प्रदेश व बिहार के राज्यपाल के तौर पर भी सेवाएं दे चुके हैं। ओम प्रकाश माथुर राजस्थान से राज्यसभा सांसद रह चुके वरिष्ठ नेता हैं और जुलाई 2024 से सिक्किम के राज्यपाल का दायित्व निभा रहे थे।

सुधा यादव: कारगिल शहीद की पत्नी से राज्यपाल तक

कर्नाटक की नई राज्यपाल डॉ. सुधा यादव हरियाणा के यादव समुदाय से आती हैं। वे कारगिल युद्ध में शहीद हुए बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट सुखबीर सिंह यादव की पत्नी हैं। पति के बलिदान के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन में प्रवेश किया, महेंद्रगढ़ से लोकसभा सांसद रहीं और भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य भी हैं।

बधाइयों का तांता

नियुक्तियों की घोषणा के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने नव नियुक्त राज्यपालों को बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।

स्रोत: PTI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दैनिक संपूर्ण प्रदेश — आपका अपना अख़बार