ओंकारेश्वर। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे ओंकारेश्वर में गोमुख घाट के सामने नर्मदा नदी में चल रही एक नाव के इंजन में अचानक आग लग गई। नाव में होंडा का पेट्रोल इंजन लगा था और नाव का नंबर 198 बताया गया है। इंजन से आग की लपटें उठती देख नाव में सवार 5-6 यात्रियों में हड़कंप मच गया।
घबराहट के इस माहौल में नाविक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तेजी से कार्रवाई की और सभी यात्रियों को सुरक्षित दूसरी नाव में शिफ्ट कर दिया। यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद बड़ा हादसा टल गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। नाव में आग लगने की घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें इंजन से काला धुआँ उठता दिख रहा है।
इंजन जब्त, आरआई को सौंपी गई जांच
घटना के बाद नगर परिषद के सीएमओ ने इंजन को जब्त करने के आदेश दिए और नगर परिषद के आरआई को जांच सौंपी है। जांच में आग लगने के कारणों के साथ यह भी देखा जाएगा कि नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। बता दें कि इससे पहले ब्रह्मपुरी घाट सहित अन्य स्थानों पर भी नाव के इंजन में आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। बार-बार हो रही इन घटनाओं ने पेट्रोल इंजन वाली नावों में ईंधन व इंजन की सुरक्षा तथा लाइफ जैकेट व आपात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
