ओंकारेश्वर ब्यूरो। ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच यात्रियों से भरी एक नाव के इंजन में अचानक आग लग गई। नाव में उस समय 6 यात्री सवार थे। नाविक की सूझबूझ से सभी यात्रियों को पास से गुजर रही दूसरी नाव में सुरक्षित पहुंचा दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
इंजन से उठीं आग की लपटें

जानकारी के अनुसार नाव नर्मदा नदी में सफर पर थी, तभी इंजन वाले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। नाविक ने तुरंत नाव को संभालते हुए पास से गुजर रही दूसरी नाव की मदद ली और सभी 6 यात्रियों को सुरक्षित दूसरी नाव में शिफ्ट कर दिया गया।
आग लगने का कारण अज्ञात, जांच के आदेश
आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर इंजन की खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। गौरतलब है कि ओंकारेश्वर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नाव यात्रा करते हैं, ऐसे में यह घटना नावों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है।
