
मध्यप्रदेश के 6 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे, रविवार से फिर बढ़ेगी ठिठुरन
भोपाल। मध्यप्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण मौसम का मिजाज बदला हुआ है। जहां रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, वहीं आंशिक बादल और कोहरे के कारण दिन के तापमान में गिरावट देखने को मिली है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भी प्रदेश में मौसम इसी तरह बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद ठंड फिर तेज होने की संभावना है।
शुक्रवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान शिवपुरी में 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के 6 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा।
7 शहरों में 20 डिग्री से नीचे रहा दिन का तापमान
दतिया, नौगांव और टीकमगढ़ में शीतल दिन दर्ज किया गया, जबकि ग्वालियर और खजुराहो में घना कोहरा छाया रहा। भोपाल, रीवा, दतिया, रतलाम, दमोह, सागर और सतना में मध्यम कोहरा देखने को मिला।
दिन का सबसे अधिक तापमान नर्मदापुरम में 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं प्रदेश के 7 शहरों में अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा।
जेट स्ट्रीम हवाओं का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा में चक्रवात के रूप में सक्रिय है। इसके साथ ही उत्तर भारत में 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 213 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं।
शनिवार को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ने की संभावना है। इसके बाद हवाओं का रुख फिर उत्तरी हो जाएगा, जिससे रात के तापमान में दोबारा गिरावट आ सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शनिवार से बादल छंटेंगे और रविवार से प्रदेश में ठिठुरन फिर बढ़ेगी।
