स्वामी विवेकानंद जयंती पर आज मनाया जाएगा युवा दिवस


इंदौर में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित होंगे
जिला स्तरीय मुख्य आयोजन आरएपीटीसी ग्राउंड, महेश गार्ड लाइन में

इंदौर। स्वामी विवेकानंद जी के जन्मदिवस के अवसर पर सोमवार 12 जनवरी को इंदौर जिले में युवा दिवस उत्साह और गरिमा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर जिले भर के स्कूलों में सामूहिक सूर्य नमस्कार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम आरएपीटीसी ग्राउंड, महेश गार्ड लाइन में आयोजित होगा, जो सुबह 8.30 बजे से 10.45 बजे तक चलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी सहभागिता करेंगे।

इस अवसर पर आकाशवाणी से प्रसारित होने वाले विशेष कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया जाएगा, जिसमें राष्ट्रगीत वंदे मातरम्, स्वामी विवेकानंद जी का रिकॉर्डेड संदेश तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का संदेश प्रसारित किया जाएगा।

जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि युवा दिवस कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को स्वामी विवेकानंद जी के विचारों से प्रेरित कर स्वस्थ शरीर, सशक्त मन और राष्ट्र निर्माण के लिए जागरूक करना है।

युवा दिवस के माध्यम से जिले के विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *