अनुष्ठ चौहान की रिपोर्ट

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी पीने से हुई हृदयविदारक मौतों के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा इंदौर में शांतिपूर्ण सत्याग्रह आयोजित किया गया। यह सत्याग्रह पलासिया चौराहा स्थित आई लव यू इंदौर साइन बोर्ड के नीचे संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल हुए।
सत्याग्रह का नेतृत्व मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने किया। इस दौरान इंदौर युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित पटेल, संगठन प्रभारी चेतन चौधरी, प्रदेश सचिव वरेश पाल सिंह जादोन, राष्ट्रीय सचिव मोनिका मांदरे, विधानसभा अध्यक्ष बलवंत, दानिश खान, अमन सोनी, हर्ष डागरे सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सत्याग्रह के दौरान युवा कांग्रेस नेताओं ने भागीरथपुरा में हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए इसे राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन की घोर लापरवाही बताया। नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते जल आपूर्ति व्यवस्था की जांच और सुधार किया गया होता, तो यह हादसा टल सकता था।
युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के इस्तीफे की मांग की। साथ ही मृतकों के परिजनों को ₹1 करोड़ रुपये मुआवजा देने तथा पूरे मामले की हाईकोर्ट की निगरानी में CBI जांच कराए जाने की मांग उठाई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि क्षेत्रवासियों को सुरक्षित और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
