
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय जयरामपुर कॉलोनी में वेटरंस दिवस बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। इस अवसर पर जिले की वीर माताओं, द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिकों की विधवाओं एवं वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में कई वरिष्ठ अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी भाग लिया। समारोह में अतिथियों द्वारा सशस्त्र सेना वेटेरन्स दिवस के बारे विस्तृत जानकारी दी एवं इसकी महत्ता पर प्रकाश डाला। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चंद्र मालवीय ने बताया कि यह दिवस प्रथम कमांडर इन चीफ, फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा के सम्मान एवं उनकी यादगार सेवाओं की याद में मनाया जाता है। उल्लेखनीय है कि फील्ड मार्शल के एम करिअप्पा ने वर्ष 1947 के भारत-पाक युद्ध में भारतीय सेना का कुशल नेतृत्व किया था एवं देश को विजय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। फील्ड मार्शल के. एम. करिअप्पा 14 जनवरी 1953 को सेवानिवृत्त हुए थे,अतः उनकी यादगार एवं साथ ही वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों के सम्मान हेतु यह आयोजन किया जाता है। आनरेरी कप्तान रघुवर दत्त शर्मा ने आभार व्यक्त किया।
