रिपोर्ट : अनुष्ठ चौहान

इंदौर। शहर में शुक्रवार अलसुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेजाजी नगर बायपास पर रालामंडल के पास कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर में प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे में राजपुर विधायक बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा, मन संधू और प्रखर की मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

