भाजपा की मूल्यवान ताकत उसके कार्यकर्ता

भाजपा इंदौर नगर की कामकाजी बैठक सम्पन्न, संगठन विस्तार और आजीवन समर्पण निधि पर हुआ मंथन

इंदौर। भारतीय जनता पार्टी इंदौर नगर की कामकाजी बैठक आज भाजपा कार्यालय पर सम्पन्न हुई। बैठक में संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, नगर प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी, आजीवन समर्पण निधि के प्रदेश प्रभारी गोपीकृष्ण नेमा, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए संभाग प्रभारी रणवीर सिंह रावत ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी और मूल्यवान ताकत उसके विचारवान कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ही ऐसा दल है, जहां अनुशासन और शालीनता के साथ विशाल संगठन एकजुट होकर योजनाएं बनाता है। मप्र से ही पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे ने आजीवन सहयोग निधि की शुरुआत की थी, जो कार्यकर्ताओं के समर्पण और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने पदाधिकारियों से समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए संगठन विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर प्रभारी राजेश सिंह सोलंकी ने कहा कि आज 21 राज्यों में भाजपा की सरकारें हैं और पंच से लेकर प्रधानमंत्री तक कार्यकर्ता नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि का भाव ही भाजपा की पहचान है। यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “मुझे गर्व है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं”—यह भावना ही संगठन की नींव है।

आजीवन समर्पण निधि के प्रदेश प्रभारी गोपिकृष्ण नेमा ने कहा कि 2014 से 2026 तक प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बनी सरकारों पर भ्रष्टाचार का एक भी रुपया साबित नहीं हो सका, यह सुशासन और राजनीति में शुचिता का उदाहरण है। उन्होंने आह्वान किया कि इस शुचिता को बनाए रखने के लिए कार्यकर्ता आजीवन समर्पण निधि में सक्रिय योगदान दें।

नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि केंद्रीय और प्रदेश संगठन द्वारा इंदौर को दिए गए लक्ष्यों को कार्यकर्ताओं के परिश्रम से हमेशा लक्ष्य से अधिक पूरा किया जाता है। प्रशिक्षण वर्ग को संगठन की कार्यपद्धति का अभिन्न अंग बताते हुए उन्होंने कहा कि इंदौर हर कार्य में नंबर वन रहा है और आगे भी “मजबूत भाजपा–मजबूत भारत” के संकल्प को पूरा करेगा।

बैठक में प्रदेश सहमीडिया प्रभारी दीपक जैन टीनू, एमआईसी सदस्य नंदकिशोर पहाड़िया सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *