जानलेवा मांझे के खिलाफ जागरूकता, एस्ट्रो वी.डी. संस्था का जनहित अभियान

रिपोर्ट:अनुष्ठ चौहान

मकर संक्रांति एवं पतंगोत्सव के दौरान पतंग की तेज और घातक डोर से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से एस्ट्रो वी.डी. सामाजिक सेवा एवं कल्याण संस्था द्वारा एक सराहनीय सामाजिक जनहित अभियान चलाया गया।
संस्था द्वारा नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए काइट स्ट्रिंग सेफ्टी प्रोटेक्टर का निःशुल्क वितरण किया गया। यह जनसेवा अभियान शहर के प्रमुख क्षेत्रों पलासिया चौराहा, खातीवाला टैंक, जीपीओ छावनी, इंदौर वायर रोड एवं मरिमाता क्षेत्र में आयोजित किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मकर संक्रांति के दौरान दोपहिया वाहन चालकों, राहगीरों एवं पक्षियों को पतंग की धारदार डोर, विशेषकर चाइनीज मांझे से होने वाली गंभीर दुर्घटनाओं से सुरक्षित रखना रहा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष पतंगोत्सव के समय चाइनीज मांझा एवं तेज धार वाली डोर के कारण कई गंभीर हादसे सामने आते हैं, जिनमें लोग घायल होते हैं और कई बार जान तक चली जाती है। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पक्षी भी घायल हो जाते हैं। इन्हीं चिंताजनक घटनाओं को रोकने और जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के अंतर्गत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पर लगाए जाने वाले सुरक्षा प्रोटेक्टर वितरित किए गए, जिससे अचानक डोर के संपर्क में आने पर गले और चेहरे को गंभीर चोट से बचाया जा सके। साथ ही नागरिकों को सुरक्षित पतंग उड़ाने, पर्यावरण अनुकूल डोर के उपयोग एवं चाइनीज मांझे के पूर्ण बहिष्कार के लिए जागरूक किया गया।
संस्था ने शहरवासियों से अपील की कि वे पर्व को जिम्मेदारी, सावधानी और संवेदनशीलता के साथ मनाएं, केवल सुरक्षित डोर का उपयोग करें और दूसरों की जान तथा पर्यावरण की सुरक्षा में सहयोग दें।
इस अवसर पर डॉ. पंडित विशाल दुबे, सन्नी सोनी, संदीप चौधरी, जस्वन्त चौधरी, ऋषि शर्मा एवं संतोष पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहे और सामाजिक अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्था ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम पूर्णतः सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनहित की भावना से आयोजित किया गया, ताकि मकर संक्रांति का पर्व सभी के लिए सुरक्षित, आनंदमय और पर्यावरण-संवेदनशील बन सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *