अखिल भारतीय मोयरा गोल्ड कप में आज से मुख्य दौर का आगाज
खजराना युनाईटेड, यंग ब्रदर्स और महू एकेडमी ने किया क्वालीफाई

इंदौर | 03 जनवरी। सेन्ट्रल जिमखाना क्लब की मेजबानी में आयोजित प्रकाश सोनकर एवं सुरेश ऐरन स्मृति अखिल भारतीय मोयरा गोल्ड कप फुटबॉल स्पर्धा में रविवार से मुख्य दौर का आगाज होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश की कई दिग्गज टीमें इंदौर की धरती पर अपना दमखम दिखाएंगी।
नेहरू स्टेडियम मैदान पर खेले गए पहले चरण के अंतिम मुकाबलों में खजराना युनाईटेड, यंग ब्रदर्स (महू) एवं महू एकेडमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य दौर में प्रवेश सुनिश्चित किया।

खजराना युनाईटेड ने बेस्ट स्टार को 1-0 से हराया
पहले मुकाबले में खजराना युनाईटेड के सामने बेस्ट स्टार की चुनौती थी। मैच के तीसरे मिनट में फरहान ने शानदार मैदानी गोल कर खजराना को बढ़त दिलाई। इसके बाद बेस्ट स्टार ने बराबरी के कई प्रयास किए, लेकिन खजराना की मजबूत रक्षा पंक्ति के आगे वे नाकाम रहे। खजराना युनाईटेड ने यह मुकाबला 1-0 से अपने नाम किया।
यंग ब्रदर्स ने रोमांचक टाईब्रेकर में मारी बाजी
दूसरा मुकाबला पहले चरण का सबसे रोमांचक और संघर्षपूर्ण मैच साबित हुआ। यंग ब्रदर्स और मालवा युनाईटेड के खिलाड़ियों ने उच्च स्तरीय खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। निर्धारित समय तक गोल रहित बराबरी रहने के बाद अतिरिक्त 15 मिनट का समय भी दिया गया, लेकिन दोनों टीमें गोल करने में असफल रहीं।
इसके बाद हुए टाईब्रेकर में यंग ब्रदर्स के गोलकीपर अनिमेष मेहरा ने तीन शानदार बचाव कर अपनी टीम को 3-2 से जीत दिलाई और मुख्य दौर में पहुंचाया।
महू एकेडमी ने टाईब्रेकर में इंदौर स्पोर्ट्स को हराया
तीसरा और अंतिम मुकाबला इंदौर स्पोर्ट्स एवं महू एकेडमी के बीच खेला गया। पहले हाफ में इंदौर स्पोर्ट्स का दबदबा रहा, जबकि दूसरे हाफ में महू एकेडमी ने बेहतर खेल दिखाया। निर्धारित और अतिरिक्त समय में कोई गोल नहीं हो सका। टाईब्रेकर में महू एकेडमी ने 5-4 से जीत दर्ज कर मुख्य दौर में जगह बनाई।
अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया
मैचों के दौरान देवकीनंदन सिलावट, हलीम खान, गिरधर कांकाणी, रमेश मूलचंदानी, संजय लुणावत, हुकुम सोनी, राजेन्द्र बडेरिया, भारत मथुरावाला एवं संदीप जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर मोहन कप्तान, अतुल अग्रवाल, कमल रघुवंशी, परविंदर रूपाणा, अजय बडजात्या, महेन्द्र कोचर, संजय विजयवर्गीय, पारस जैन, अनिल नागपाल, शेख हमीद, बबलू तिवारी, मनोहर मस्ताना, शरद गोयल सहित खेलप्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
रविवार को होने वाले मुकाबले
- एनएफए नीमच बनाम खजराना युनाईटेड
- यंग ब्रदर्स महू बनाम आनंद इलेवन इंदौर
