प्रकाश सोनकर व सुरेश ऐरन स्मृति अ.भा. फुटबॉल स्पर्धा में राजस्थान इलेवन जयपुर की रोमांचक जीत

इंदौर, 05 जनवरी। नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले


सेन्ट्रल जिमखाना क्लब की मेजबानी में आयोजित प्रकाश सोनकर एवं सुरेश ऐरन स्मृति अखिल भारतीय मोयरा गोल्ड कप फुटबॉल स्पर्धा में आज दर्शकों को जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। प्रतियोगिता के दूसरे मुकाबले में राजस्थान इलेवन जयपुर ने इंदौर की स्पोटिंग यूनियन को सडनडेथ में 6-5 से पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।

नेहरू स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में जयपुर की ओर से 25वें मिनट में नीरज ने शानदार व्यक्तिगत प्रयास करते हुए तीन खिलाड़ियों को छकाकर गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक यही स्कोर रहा। दूसरे हाफ में स्पोटिंग यूनियन ने आक्रामक खेल दिखाया और 70वें मिनट में लवलेश सिलावट ने बराबरी का गोल दागकर मुकाबले को 1-1 पर ला खड़ा किया। निर्धारित समय तक कोई टीम बढ़त नहीं बना सकी, जिसके बाद मैच का फैसला ट्राईब्रेकर से किया गया।

ट्राईब्रेकर में दोनों टीमें 5-5 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद सडनडेथ में भाग्य जयपुर के पक्ष में रहा और राजस्थान इलेवन ने मुकाबला 6-5 से अपने नाम कर लिया। स्पोटिंग यूनियन की टीम ने अंत तक संघर्ष करते हुए जयपुर जैसी सशक्त टीम को कड़ी चुनौती दी, जो प्रशंसनीय रही।

इससे पहले खेले गए पहले मुकाबले में बिल्टअप क्लब रायसेन ने न्यू महू एकेडमी को 3-0 से पराजित किया। रायसेन की ओर से अब्दुल ने 50वें और 70वें मिनट में दो गोल किए, जबकि 55वें मिनट में दीपक ने एक शानदार गोल दागा। इस जीत के साथ ही न्यू महू एकेडमी की चुनौती समाप्त हो गई।

आज के मैचों के दौरान ग्रामीण रेंज के डीएसपी उमाकांत चौधरी सहित रमेश मूलचंदानी, संजय लुणावत, हुकुम सोनी, राजेन्द्र बडेरिया, भारत मथुरावाला एवं संदीप जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
इस अवसर पर पिल्लू कौशल, गिरधर कांकाणी, मनोज काला, विष्णु बिंदल, के.के. गोयल, मोहन कप्तान, संजय विजयवर्गीय, अतुल अग्रवाल, कमल रघुवंशी, अशोक जैन, मनोहर मस्ताना, मुनीष सोनकर एवं पारस जैन सहित खेलप्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *