फिल्टर व क्लोरिनेशन व्यवस्था का लिया जायज़ा, नगर निगम आयुक्त ने प्रयोगशाला का किया अवलोकन

इंदौर नगर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ एवं निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री क्षितिज सिंघल द्वारा जलूद एवं ग्राम भकलाय क्षेत्र में स्थित नर्मदा जल प्रदाय परियोजना अंतर्गत पंपिंग स्टेशन एवं इंटेक वेल का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त श्री आशीष कुमार पाठक, कार्यपालन यंत्री श्री जी.एस.पटेल, श्री प्रताप बुंदेला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

      आयुक्त नगर निगम सिंघल द्वारा जलूद एवं ग्राम भकलाय क्षेत्र में स्थित नर्मदा फेस-1, फेस-2, फेस-3 एवं फेस-4 अंतर्गत पंपिंग स्टेशन, इंटेक वेल, स्काडा सिस्टम, पंप हाउस एवं पाइप लाईन का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। उन्होंने मौके पर अधिकारियों से यह जानकारी ली कि किस प्रकार मां नर्मदा से जल को पंप कर इंदौर शहर तक लाया जाता है, जल शोधन की प्रक्रिया कैसे की जाती है तथा किस प्रकार क्लोरीनीकरण कर नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाता है।

      नगर निगम आयुक्त सिंघल द्वारा जल शोधन संयंत्र की प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया गया, जहां उनके समक्ष जल गुणवत्ता परीक्षण कराए गए। उन्होंने परीक्षण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए जल की गुणवत्ता को शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने के निर्देश दिए।

      इसके साथ ही नगर निगम आयुक्त श्री सिंघल द्वारा जलूद एवं भकलाय में स्थित फिल्टर प्लांट एवं पंप हाउस के निरीक्षण के दौरान बी.पी. टैंक में हो रही लीकेज के कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के स्पष्ट निर्देश अधिकारियों को दिये गये, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न न हो और जलापूर्ति व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित होती रहे।

      आयुक्त सिंघल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नर्मदा जल प्रदाय प्रणाली के समस्त घटकों का नियमित निरीक्षण एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाये तथा जलापूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या का त्वरित निराकरण किया जाए, जिससे इंदौर शहरवासियों को निरंतर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *