अनुषठ चोहान रिपोर्ट

भोपाल।
मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के माननीय अध्यक्ष डॉ. श्री अवधेश प्रताप सिंह ने शुक्रवार, 02 जनवरी 2026 को विगत दिवसों विभिन्न समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों के आधार पर प्रथम दृष्टया मानव अधिकार उल्लंघन के 6 मामलों में संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। आयोग ने सभी मामलों में दो सप्ताह के भीतर जांच कर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
अस्पतालों में व्यवस्था न होने से परिजन खुले आसमान के नीचे
राजधानी भोपाल के एम्स अस्पताल, हमीदिया अस्पताल एवं जय प्रकाश जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए मरीजों के परिजनों को अस्पताल परिसर के बाहर रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अस्पतालों में परिजनों के रुकने की कोई व्यवस्था नहीं है। इस मामले में आयोग ने एम्स के डायरेक्टर, हमीदिया अस्पताल के अधीक्षक एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, भोपाल से रिपोर्ट मांगी है।
तेंदुए के हमले में 10 वर्षीय बच्चे की मौत
कटनी जिले की विजयराघवगढ़ तहसील के घुनौर गांव में जंगल में लकड़ी बीनने गए 10 वर्षीय बच्चे पर तेंदुए ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आयोग ने इस मामले में कलेक्टर, कटनी से जांच रिपोर्ट तलब की है।
कच्ची शराब से 6 माह में 19 युवकों की मौत
जबलपुर जिले के सिंधी कैंप बाबा टोला क्षेत्र में कच्ची शराब के सेवन से पिछले छह महीनों में 19 युवकों की मौत होने का मामला सामने आया है। मृतकों के परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। आयोग ने कलेक्टर, जबलपुर से मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है।
दूषित पानी से 8 लोगों की मौत
इंदौर जिले की भागीरथपुरा कॉलोनी में दूषित पानी पीने से उल्टी-दस्त की शिकायत फैलने के बाद इलाज के दौरान 8 लोगों की मौत हो गई। मीडिया रिपोर्ट के आधार पर आयोग ने कलेक्टर एवं आयुक्त, नगर निगम इंदौर से मामले की जांच कर कार्रवाई का प्रतिवेदन मांगा है।
प्रसूति वार्ड में गंदगी से परेशान महिलाएं
गुना जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में सफाई व्यवस्था की बदहाली का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार टॉयलेट का गंदा पानी पलंगों तक फैल रहा है, जिससे बदबू और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। आयोग ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, गुना से रिपोर्ट मांगी है।
कॉलेज परिसर में छात्रों पर जानलेवा हमला
शाजापुर जिले के पंडित बालकृष्ण शर्मा नवीन स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 20 से 25 अज्ञात युवकों द्वारा कॉलेज परिसर में घुसकर छात्रों पर लाठी, डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया गया। इस हमले में एक छात्र के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। आयोग ने पुलिस अधीक्षक, शाजापुर से जांच रिपोर्ट तलब की है।
मानव अधिकार आयोग ने सभी मामलों में दो सप्ताह के भीतर की गई कार्रवाई का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
