भारत का पहला निशुल्क ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस बना जीवनरक्षक सेवा की मिसाल

रक्तवीर गोल्डन अचीवर अवार्ड2026

इन्दौर। भारत का पहला निशुल्क ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस पिछले 18 वर्षों से निरंतर देशभर में जरूरतमंद मरीजों को बिना किसी शुल्क के रक्त उपलब्ध कराने का कार्य कर रहा है। यह केंद्र 24×7 सेवा के माध्यम से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित कर समाज के लिए एक मजबूत सहारा बना हुआ है।

ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस से अब तक 5 लाख से अधिक रक्तदाता जुड़ चुके हैं, वहीं 3 लाख से ज्यादा जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क रक्त मुहैया कराया जा चुका है। समय-समय पर संस्था द्वारा रक्तदाताओं के सम्मान एवं उत्साहवर्धन के लिए विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।

इसी कड़ी में 4 जनवरी को ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस द्वारा 251 रक्तदाताओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर लोकप्रिय टीवी धारावाहिक “ये रिश्ता क्या कहलाता है” से प्रसिद्ध बॉलीवुड सेलिब्रिटी करण मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाजसेवी अशोक गोयल, योगेंद्र महंत, एमपी न्यूज़ के चीफ एडिटर महेंद्र सोनगिरा , राजेश गर्ग, वीरेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने रक्तदाताओं को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशोक नायक ने कहा कि ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस समाज के लिए 24×7 सेवा भाव से कार्य कर रहा है और जरूरत के समय हर व्यक्ति के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि यह केंद्र रेड क्रॉस के माध्यम से संचालित होता है और पूरे भारत में अपनी अलग पहचान बना चुका है।

मानव सेवा को समर्पित ब्लड कॉल सेंटर रेड क्रॉस आज देशभर में निस्वार्थ सेवा, समर्पण और जीवनरक्षा का प्रतीक बन चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *