
नगरीय विकास एवं आवास विभाग के उपक्रम मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कंपनी द्वारा इंदौर जिले के गौतमपुरा नगर में जल प्रदाय परियोजना अंतर्गत कार्य किया गया है। परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं नगर की जल प्रदाय व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग के उद्देश्य से शिकायत निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मयूरी वर्मा, समिति सदस्य गगन बाहेती, प्रमोद सक्सेना, उप परियोजना प्रबंधक लालचंद कुरेठिया सहित सभी संबंधित मौजूद रहे। बैठक के दौरान जल आपूर्ति से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इसमें एस्क्रो अकाउंट के संचालन, 100 प्रतिशत उपभोक्ताओं को नई पाइपलाइन से जोड़ने, सभी जल कनेक्शनों के सत्यापन तथा प्रदाय किए जा रहे जल की मात्रा की जांच पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पाइपलाइन बिछाने हेतु सर्वेक्षण, नागरिकों को जल के दुरुपयोग को रोकने के लिए जागरूक करने, तथा अन्य अधोसंरचना कार्यों के दौरान पाइपलाइन क्षति को रोकने हेतु समन्वय व्यवस्था सुदृढ़ करने पर भी चर्चा की गई।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती मयूरी वर्मा ने कहा कि जल प्रदाय परियोजना की सतत निगरानी एवं समयबद्ध समाधान के माध्यम से नागरिकों को सुचारु एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। बैठक का समन्वय सामुदायिक विकास अधिकारी सुश्री सपना दुबे ने किया।
