प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के अंतर्गत कमाण्ड क्षेत्र विकास का आधुनिकीकरण (एम.सी.ए.डी) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राज्य शासन ने सचिव, जल संसाधन की अध्यक्षता में राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई स्टेट प्रोजेक्ट मेनेजमेंट यूनिट एस.पी.एम.यू का गठन किया है।

समिति में आयुक्त कमाण्ड क्षेत्र विकास जल संसाधन, प्रमुख अभियंता जल संसाधन, सदस्य अभियांत्रिकी नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, योजना से संबंधित मुख्य अभियंता जल संसाधन/एन.वी.डी.ए, संचालक कृषि एवं किसान कल्याण, संचालक उद्यानिकी, संचालक हाइड्रोलॉजी (बोधी), जल संसाधन, संचालक सहभागिता सिंचाई प्रबंधन, जल संसाधन, योजना से संबंधित अधीक्षण यंत्री जल संसाधन/एन.वी.डी.ए, योजना से संबंधित कार्यपालन यंत्री जल संसाधन/एन.वी.डी.ए सदस्य होंगे। मुख्य अभियंता (बोधी) जल संसाधन को सदस्य सचिव नामित किया गया है।
राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई राज्य स्तरीय संचालन समिति से प्राप्त नीतिगत्त निर्देशों एवं सुझावों के आधार पर योजना को क्रियान्वित करायेंगे।
राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई के दायित्व अनुसार मॉडल स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के अनुसार सिंचाई के लिए उपलब्ध जल का बेहतर उपयोग करने के लिए जल विज्ञान हाइड्रोलॉजी, इंजीनियरिंग तथा कृषि विशेषज्ञों के सहयोग से रूप रेखा तैयार करवाने तथा कार्यान्वयन करने के लिए इनोवेटिव सॉल्यूशन को लागू किया जायेगा। इकाई किसानों की सहभागिता तथा क्षमता निर्माण का भी ध्यान रखेगी। किसानों के लिए जल प्रबंधन, मृदा संरक्षण और फसल विविधीकरण पर व्यावहारिक प्रशिक्षण सत्र आयोजित कराना, कमाण्ड क्षेत्र विकास के आधुनिकीकरण के लिए सामुदायिक सिचाई प्रणाली को लागू कराना तथा किसानों को उनकी सिंचाई प्रणालियों का स्वामित्व लेने तथा सशक्त बनाने में मदद करना जैसे कार्य करेगी।
