
इंदौर सम्भागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने नागरिकों की समस्याओं के निवारण के लिए मप्र शासन द्वारा प्रारम्भ किये संकल्प से समाधान अभियान की आज समीक्षा करते हुए 8 जिलों के कलेक्टर्स को निर्देश दिए है। उन्होंने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में ऐसे वार्डों को शामिल कर क्लस्टर बनाये, जिससे ज्यादा से ज्यादा नागरिकों की समस्याओं का निराकरण कर सकें। यह अभियान अत्यंत आवश्यक है, इसलिए सभी कलेक्टर्स यह समझकर निगरानी करें कि इसकी सफलता पूरे प्रशासन की सफलता होगी। शिविरों में समस्याओं के निराकरण होने पर सीएम हेल्पलाइन सहित जनसुनवाई और अन्य समस्या निवारण प्लेटफार्म पर इसका असर होगा। इस अभियान की निगरानी का कार्य संभाग स्तरीय अधिकारियों द्वारा भी किया जाएगा। साथ ही क्लस्टर लेवल में शिविरों की निगरानी के कार्य के लिए जिला स्तरीय नोडल अधिकारी भी नियुक्त करें। ऐसी समस्याएं जो जिला स्तर पर निराकृत नहीं हो सकती, उसके लिए राज्य स्तर से आवश्यक सहयोग लिया जाएगा। सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि 108 सेवाओं में कई तरह की सेवाओं पर सीधा असर नागरिकों पर पड़ता है, उन सेवाओं पर ज्यादा प्राथमिकता देते हुए सार्थक परिणाम आने चाहिए। उन्होंने पंचायत स्तरीय व वार्ड स्तरीय शिविरों की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए है। गूगल मीट के माध्यम से आयोजित बैठक में जिलों के कलेक्टर्स व संभाग से अपर आयुक्त राजस्व श्रीमती सपना लोवंशी, उपायुक्त विकास श्री पुरुषोत्तम पाटीदार उपस्थित रहें।
*चार चरणों में सम्पन्न होगा अभियान*
नागरिकों को उनकी पात्रता अनुसार शासन की 108 सेवाओं का लाभ दिलाने के लिये प्रदेश में 12 जनवरी से 31 मार्च 2026 तक “ संकल्प से समाधान ” अभियान आयोजित किया जा रहा है। ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय एवं जिला स्तर पर पात्र हितग्राहियों को केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के लिये यह अभियान 4 चरणों में चलाया जायेगा। अभियान में ग्राम पंचायत और नगरीय निकायों में वार्ड स्तरीय समिति और आवेदन/शिकायतों के एकत्रीकरण के लिए दल गठित किए गए है। प्रथम चरण में 12 जनवरी से 15 फरवरी के बीच आवेदनों के संग्रहण और पंजीयन की कार्यवाही की गई। अभियान के द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च के बीच क्लस्टर स्तर पर शिविर आयोजित कर नागरिकों से प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा। अभियान के तृतीय चरण में 16 मार्च से 26 मार्च के बीच विकासखंड स्तरीय शिविरों में प्राप्त आवेदनों का निराकरण किया जाएगा तथा चतुर्थ चरण में जिला स्तरीय शिविर 26 से 31 मार्च के बीच आयोजित किया जाएगा।
*चार चरण में 1097 शिविर आयोजित होंगे शिविर*
इंदौर संभाग के 8 जिलों में चार चरणों में कुल 1097 शिविर आयोजित होना है। इनकी व्यवस्थाओं के सम्बंध में सम्भागायुक्त डॉ. खाड़े ने सभी जिलों के कलेक्टर्स से जानकारी ली। अभियान के दौरान संभाग में कुल 1097 शिविर आयोजित होंगे। इसमें क्लस्टर स्तरीय 519 शिविर, पंचायत स्तरीय 355, ब्लॉक स्तरीय 51 और जिला स्तरीय 8 शिविर आयोजित होंगे। इसके अलावा नगरीय निकायों में वार्ड स्तरीय 164 शिविर आयोजित किये जायेंगे।
द्वितीय चरण में 16 फरवरी से 16 मार्च के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में क्लस्टर स्तर पर और नगरीय क्षेत्रों में नगर या जोन स्तर पर प्रथम चरण में प्राप्त आवेदनों के निराकरण के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए जाएंगे।
