सरकारी संवेदनशीलता की मिसाल, दिव्यांग दम्पत्ति को मिला अपना घर

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार इंदौर में प्रति मंगलवार आयोजित की जा रही जनसुनवाई आम नागरिकों के लिए राहत का प्रभावी अवसर बन रही है। इसी क्रम में आज कलेक्टर शिवम वर्मा की विशेष उपस्थिति में संपन्न जनसुनवाई में अनेक आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया। जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव नहीं हो सका, उनके लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

      जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग दम्पत्ति सुनील पांडे और श्रीमती देवकन्या बाई पांडे ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात कर अपनी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि शासन की योजना के तहत उन्हें ऑटो रिक्शा प्राप्त हुआ, जिससे उनका रोजगार सुदृढ़ हुआ और उन्होंने नियमित रूप से किस्तें भी जमा कर दी हैं। वर्तमान में वे गौरी नगर में किराए के मकान में निवासरत हैं। यदि पक्का आवास मिल जाए तो बच्चों की पढ़ाई-लिखाई सहित भविष्य की योजनाओं में उन्हें बड़ी सहूलियत होगी। कलेक्टर श्री वर्मा ने प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत करने के निर्देश दिए। दम्पत्ति ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से उनके पक्के आवास का सपना साकार होने जा रहा है।

      जनसुनवाई में आज पारिवारिक एवं संपत्ति विवाद, शिक्षा तथा रोजगार से जुड़े अनेक आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया गया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार,  रिंकेश वैश्य सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने भी जनसुनवाई की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *