
सतवास (देवास)।
देवास जिले के सतवास नगर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में आत्मदाह करने वाली महिला जयश्री व्यास की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह इंदौर के एक निजी अस्पताल में भर्ती थीं, जहां सोमवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पेट्रोल डालकर लगाई थी आग
घटना 24 दिसंबर की है, जब सतवास नगर में नगर परिषद और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सार्वजनिक नाली पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान विरोध स्वरूप जयश्री व्यास और उनके पति संतोष व्यास ने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिन्हें तत्काल इंदौर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान जयश्री व्यास की हालत लगातार गंभीर बनी रही और अंततः उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं उनके पति संतोष व्यास को एक दिन पहले ही अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था।
प्रशासनिक कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने पहले ही तहसीलदार और नगर परिषद के सीएमओ को निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति का गठन भी किया गया है।
नगर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
घटना के बाद सतवास नगर में तनाव की स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए आसपास के थानों का पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
