भागीरथपुरा मामले में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को रोका,

पुलिस संरक्षण में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई निर्दोष लोगों की मौतों को लेकर पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को रोकने और उन पर सुनियोजित हमले का आरोप कांग्रेस ने लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि यह पूरी घटना भाजपा के इशारे पर और पुलिस संरक्षण में अंजाम दी गई, जो लोकतंत्र और सच की आवाज़ को दबाने की साज़िश को उजागर करती है।

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, विधायक महेश परमार, विधायक प्रताप ग्रेवाल, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, वरिष्ठ नेता राजेश चौकसे, गिरधर नागर, ठाकुर जितेन्द्र सिंह, अमन बजाज, सच सलूजा, प्रेम खडायता, अमित पटेल एवं प्रदेश प्रवक्ता अमित चौरसिया शामिल थे। सभी नेता भागीरथपुरा पहुंचकर दूषित पानी से प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका दर्द सुनने जा रहे थे।

कांग्रेस नेताओं पर सुनियोजित हमले का आरोप

कांग्रेस का आरोप है कि प्रतिनिधिमंडल को रास्ते में ही रोका गया और भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा हमला किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह केवल कांग्रेस पर हमला नहीं, बल्कि सच, न्याय और लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नाकामी, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक लापरवाही से हुई मौतों के सवालों से घबराकर सत्ता पक्ष अब हिंसा का सहारा ले रहा है।

पीड़ित परिवारों के साथ कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाकर ही दम लेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों को बचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस पूरे मामले को लेकर आंदोलन और कानूनी लड़ाई और तेज की जाएगी।

कांग्रेस का कहना है कि सत्य की इस लड़ाई में देश का हर संवेदनशील नागरिक उनके साथ है और भाजपा की कथित दमनकारी राजनीति को जनता के सामने उजागर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *