रिपोर्ट:अनुष्ठ चौहान

इंदौर।
शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रविवार शाम इंदौर के दो अलग–अलग इलाकों में हुए हादसों ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी। एक ओर सपना–संगीता रोड पर नीट की तैयारी कर रहे छात्र का गला कट गया, वहीं दूसरी ओर कनाड़िया क्षेत्र में एक युवक की जान चली गई।
सपना–संगीता रोड पर छात्र गंभीर घायल
रविवार शाम करीब 5:30 बजे सपना–संगीता रोड पर बाइक सवार एक छात्र चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया। धार जिले के देहरी निवासी नरेंद्र जामोद, जो इंदौर में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा (NEET) की तैयारी कर रहा है, अपने दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक उड़ते मांझे ने नरेंद्र के गले को बुरी तरह काट दिया।
घटना के बाद अनिल ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए नरेंद्र को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कनाड़िया रोड पर युवक की दर्दनाक मौत
दूसरी घटना तिलक नगर और कनाड़िया के बीच शकुंतला अस्पताल के पास हुई। बिचौली मर्दाना स्थित ओम साई विहार कॉलोनी निवासी रघुवीर धाकड़ बाइक से घर लौट रहे थे, तभी चाइनीज मांझे ने उनके गले को इतनी गहराई से काट दिया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
रघुवीर टाइल्स ठेकेदारी का कार्य करते थे। परिजनों ने बताया कि रविवार की छुट्टी होने के बावजूद वे एक साइट देखने गए थे। घटना के बाद राहगीरों ने उनके मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी।
प्रशासनिक सख्ती पर सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है। चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री और उपयोग पर एक बार फिर प्रशासन की सख्ती पर सवाल खड़े हो गए हैं। नागरिकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मांझे की अवैध बिक्री पर पूर्ण रोक लगाने की मांग की है।
