लेखक- श्रीश देवपुजारी
अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख, संस्कृतभारती
वैदिक सनातन संस्कृति और जनजातीय परम्पराएँ भारतीय संस्कृति की दो पूरक धाराएँ हैं — दोनों का मूल प्रकृति के प्रति श्रद्धा, सामुदायिक सहयोग और आध्यात्मिक दृष्टि है।
भारत की सांस्कृतिक पहचान उसकी प्राचीनता, निरंतरता और विविधता में निहित है। वैदिक सनातन संस्कृति और जनजातीय परम्पराएँ इसी भारतीय संस्कृति की दो महत्वपूर्ण धाराएँ हैं। सामान्यतः इन्हें भिन्न भिन्न परम्पराओं के रूप में प्रचारित किया जाता है, किन्तु भारतीय ज्ञान-परम्परा के दृष्टिकोण से दोनों का मूल आधार प्रकृति के प्रति श्रद्धा, जीवन की पवित्रता, सामुदायिक सहयोग और आध्यात्मिक दृष्टि है। जनजातीय समाज भारत की प्राचीन लोक-संस्कृति का जीवंत स्वरूप है, जबकि वैदिक संस्कृति उसका दार्शनिक एवं आध्यात्मिक आधार प्रस्तुत करती है। ऋग्वेद, अथर्ववेद, उपनिषद, रामायण, महाभारत तथा पुराणों में प्रकृति, वन, पर्वत, नदियों और जनजातीय समुदायों का अनेक स्थानों पर उल्लेख मिलता है। इससे स्पष्ट होता है कि भारतीय सभ्यता का विकास नगरों और वनों दोनों की सहभागिता से हुआ।
वैदिक सनातन संस्कृति की संकल्पना
‘सनातन’ का अर्थ है— जो शाश्वत, नित्य और सार्वकालिक हो। वैदिक संस्कृति का मूल तत्व ऋत, धर्म और यज्ञ है। ऋग्वेद में सम्पूर्ण सृष्टि को एक दैवी व्यवस्था का अंग माना गया है। “एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति।” (ऋग्वेद 1.164.46) अर्थात सत्य एक है, ज्ञानी उसे अनेक रूपों में व्यक्त करते हैं। यह वैचारिक उदारता भारतीय संस्कृति का आधार है। अथर्ववेद के पृथ्वी सूक्त में कहा गया है— “माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः।” (अथर्ववेद 12.1.12) अर्थात पृथ्वी हमारी माता है और हम उसके पुत्र हैं। यही भाव जनजातीय समाज के जीवन में भी प्रत्यक्ष दिखाई देता है। उदाहरण के रूप में गढ़चिरोली जिले में गोंड जनजाती रहती है। वहां भूमि को हल से जोतना निषिद्ध है। मातृभूमि के प्रति इतना गहरा लगाव देख नयनों में आंसू आ जाते हैं। खाने के लिए धान्य की कमी से जूझने वाले जनजातीय अधिक उत्पादन के लालच में भूमि को चीरना नहीं चाहते। कारण उनके लिए भूमि यह धनार्जन का साधन नहीं, तो जीवित मां है।
जनजातीय समाज यद्यपि आर्थिक रूप से विपन्न है किन्तु अपनी आस्था के प्रति अडिग है। चन्द्रपुर जिले के राजुरा तहसील में जीवती पहाड़ों पर रहनेवाली कोलाम जनजाती आर्थिक प्रलोभनों के प्रभाव में आकर कभी अपनी आस्था को छोड़कर ईसाई नहीं बनी। भले ही अन्य जातियां बन गयी, जो उनसे अधिक सम्पन्न हैं।
जनजातीय परम्परा भारतीय संस्कृति की लोकधारा
भारत में भील, गोंड, संथाल, मुंडा, उरांव, हो, खड़िया, पहाड़िया, गारो, जयंतियां, नागा, मिजो, कूकी आदि सैकड़ों जनजातियाँ निवास करती हैं। उनका अधिष्ठान जल, जंगल और जमीन है। वे प्रकृति को केवल संसाधन नहीं, अपितु परिवार का सदस्य मानते हैं। इसलिए गडचिरोली जिले में रहने वाले जनजातीय गाय को दोहते नहीं। कारण उस दूध पर बछड़े का ही केवल अधिकार है, ऐसा वें मानते हैं। इसलिए उस क्षेत्र में दूध की चाय मिलती नहीं।
वैदिक और जनजातीय प्रकति पूजक हैं
जनजातीय समाज में वृक्षों और ग्राम देवताओं की पूजा होती है। उनके पूजास्थल को वें सरना, जाहेर इत्यादि नामों से सम्बोधित करते हैं। सनातन परम्परा में अश्वत्थ (पीपल), वट, बिल्व, शमी, पलाश, कदम्ब, आंवला, तुलसी इत्यादि का विभिन्न पर्वों पर पूजन होता है। जैसे – वटसावित्री, तुलसी विवाह इत्यादि। संस्कृत का प्रसिद्ध श्लोक भारतीयों की वृक्षों के प्रति अगाध निष्ठा को प्रदर्शित करता है। सेवितव्यो महावृक्ष: फलच्छायासमन्वितः। यदि दैवात् फलं नास्ति छाया केन निवार्यते।।
दोनों परम्पराओं में पर्वत और नदियाँ देवता मानी जाती हैं। जैसे गोवर्धन, कैलाश आदि पर्वत। दोनों पर्वतों की प्रदक्षिणा की जाती है। गोवर्धन पूजा का प्रसंग भागवत पुराण में वर्णित है। जनजातियों के लिए पार्श्वनाथ की पहाडी पूजनीय है। जैनों के २३ वें तीर्थंकर पार्श्वनाथ की पहाडी के चोटी पर तपस्थली है। इसलिए जैनों का भी वह तीर्थ स्थल है। नर्मदा नदी की परिक्रमा की जाती है। गंगा की आरती प्रतिदिन होती है।
वैदिक सनातन संस्कृति में पृथ्वी, अग्नि, सूर्य, वायु, उषा इत्यादि प्रकृति के अङ्गों की उपासना होती थी। उन्हीं की स्तुति में वैदिक सूक्तों का उच्चारण होता है। आज भी किसी अनुष्ठान के आरंभ में कलशपूजा की जाती है। कलश में जल रहता है। वास्तविक वह जल पूजन ही है। जनजातीय परम्परा में भी धरती, मरांग बुरु (पर्वत), सिंगबोंगा (सूर्य), अग्नि, डोनी (सूर्य), पोलो (चन्द्र) इत्यादि देवताओं की पूजा आज भी होती है।
सूर्योपासना
जनजातीय चेतना में सूर्य केवल आकाशीय पिंड नहीं, अपितु जीवन, उर्जा और नैतिक सामाजिक व्यवस्था के प्रत्यक्ष नियामक देवता के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनका कृषि चक्र और ऋतु परिवर्तन से सीधा सम्बन्ध है। सनातन परम्परा में सूर्य आरोग्य, प्राणशक्ति और कल्याण के अधिष्ठाता है। उन्हें जगत् की आत्मा के रुप में स्वीकार किया गया है। “जगतस्तस्थुषश्च”। ऋग्वेद १.११५.१ इसलिए सूर्य के मन्त्र की दीक्षा लेकर मन्त्र का हर दिन तीन बार जाप करने का आग्रह है। कमसे कम वर्ष में एक बार “छट” पर्व पर अस्तंगत होने वाले सूर्य को एवं उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिये जाते हैं। यह सूर्योपासना मनुष्य-प्रकृति-ब्रह्माण्ड के पारस्परिक सम्बन्ध की साझा भारतीय संवेदना को अभिव्यक्त करती है।
गोत्र
सनातन परम्परा में गोत्र व्यवस्था ऋषियों के नाम पर है। जनजातियों में देवों के तथा प्रकृति के विभिन्न तत्वों के नाम पर है। हर गोत्र का एक चिह्न (टोटम) होता है। जैसे – लकड़ा (शेर) गोत्र का व्यक्ति शेर को नहीं मारेगा। कोई टोप्पो (लकड़बघ्घा) गोत्र वाला लकड़बघ्घा को हानी नहीं पहुंचाएगा। इस प्रकार अनजाने में ही वन्यजीव संरक्षण होता रहता है।
श्राद्ध
जनजातीय समाज अपने “पेन-पुरखा” या पितरों को निरंतर स्मरण करता है तथा उनके लिए विशेष अनुष्ठान सम्पन्न कराता है। वैदिक परंपरा में नित्य पञ्च यज्ञ गृहस्थ को करने है जिनमें पितृतर्पण सम्मिलित हैं। कम से कम वर्ष में एक बार पितृपक्ष में तो पूर्वजों का स्मरण करना ही है। आजकल नित्यकर्म गृहस्थ नहीं कर पाते, इसलिए उन्हें पितृदोष से मुक्त रखने के लिए किसी भी मङ्गल कार्य के पूर्व नादिश्राद्ध किया जाता है। तीन पीढ़ियों तक के पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की जाती है। दोनों परम्पराओं में यह विश्वास समान रूप से विद्यमान है कि व्यक्ति अपने पूर्वजों से पृथक् नहीं है, अपितु उनकी परम्परा का निरन्तर विस्तार मात्र है।
संस्कार
जनजातीय समाज में जन्म, नामकरण, कर्णवेध, विवाह और मृत्यु से सम्बन्धित संस्कारों का विशेष महत्व है। कुछ जनजातियों में यज्ञोपवीत की प्रथा भी है। सनातनियों में सोलह संस्कार करने होते हैं। जनजातीय लोग जो संस्कार सम्पन्न करते हैं वें सभी १६ संस्कारों में निहित हैं।
अतिथि देवो भव
यह संस्कार उपनिषद् काल से चला आ रहा है। उसे आज भी उरांव जनजाति में देखा जा सकता है। जब भी उनके घरों में कोई अतिथि आता है, उसके पैर गृहस्वामी एक पात्र में जल से धोता है और गृहस्वमिनी पैरों को कपड़े से पोंछती है।
प्रायश्चित
प्राचीन काल से भारतीय अपने दोषों को दूर करने के लिए धर्मशास्त्र के कथनानुसार प्रायश्चित करते थे, ताकि दोषों की जीवन में पुनरावृत्ति न हो। ऐसी ही परम्परा जनजातियों में आज भी विद्यमान है, जैसे ‘जोमजाति’, ‘सामुहिक भोज’ इत्यादि।
मंडा या भोक्ता पर्व
झारखंड शासन के पर्यटन विभाग के छपे साहित्य के अनुसार “मंडा या भोक्ता परब” मुख्य रूप से भगवान शिव एवं माता पार्वती को समर्पित पर्व है। व्रत रखने वाले पुरुषों को भोक्ता कहा जाता है। “बूढ़ा महादेव” एक ऐसे देवता हैं, जो वनवासी एवं तपस्वी है और सामान्यों के कष्टों को समझते हैं। वें पशुपति भी हैं। शिव का यह सहज रूप सभी समुदायों को भाता है। यद्यपि भारतीय समाज प्रकृति पूजक रहा है, फिर भी उसे शिव का आकर्षण है। वैशाख मास की चिलचिलाती धूप में भोक्ता शारीरिक कष्टों को सहन करता है ताकि अच्छी वर्षा हो, धरती की उर्वरता बढे और लहलहाती फसलें सबको अन्न प्रदान करें। कई स्थानों पर “छऊ नृत्य” की मनमोहक प्रस्तुतियां होती है, जिसमें पौराणिक कथाओं एवं शिव-पार्वती की लीला को जीवन्त किया जाता है। नृत्य ही प्रार्थना बन जाता है और संगीत भक्ति का माध्यम।
ऋतु-आधारित पर्व
सरहुल, करमा, सोहराय, फगुआ (फाग) आदि ऋतु-पर्व जनजातियों में तथा सनातनियों में मकर संक्रांति, बैसाखी, होली, ओणम इत्यादि मनाएं जाते हैं। सरहुल में साल वृक्ष (सखुआ) के फूलों की पूजा की जाती है। सोहराय पशुधन और कृषि समृद्धि का उत्सव है। दीपावली में गाय और बैल की पूजा होती है। सनातन परम्परा में भी दीपावली के आरम्भ में सवत्स धेनु की पूजा होती है। महाराष्ट्र में उसे वसुबारस कहते हैं।
इन पर्वों में सब कुछ प्रकृति के चक्र से चलता है। पेड़ काटने के पहले क्षमा, बीज बोने से पहले पूजा और फसल काटने के बाद धन्यवाद – यही भारतीय संस्कार है। समिधा काटने से पहले ऋषिकुमार द्वारा बोला जाने वाला लौकिक क्षमा-वाक्य है – वनस्पते महाभाग, यज्ञार्थं त्वामहं छिनद्मि। क्षमस्व मे तात! धर्मोऽयं वैदिकः स्मृतः॥
करमा
करमा (कर्मा) उत्सव केवल एक जनजातीय पर्व नहीं है, अपितु प्रकृति, कर्म, कृषि और सामुदायिक जीवन की भारतीय दृष्टि का सजीव उत्सव है। यह मुख्यतः झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्य प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वी महाराष्ट्र (विदर्भ) के जनजातीय समाजों में मनाया जाता है। सामूहिक मंगल — गाँव के सभी लोग मिलकर नृत्य, गीत और पूजा करते हैं तथा अच्छी उपज, परिवार की समृद्धि और समाज की एकता की कामना करते हैं।
पूजा की विधि – भादों महिने में बहने टोकरी में जौ बोती है और करम वृक्ष की हरी डाली लाकर गाँव के बीच स्थापित की जाती है। यह पेड़ भाई की रक्षा का और जौ धान्य की समृद्धि का प्रतीक है। महिलाएँ और युवतियाँ उपवास रखती हैं। करमा गीत गाए जाते हैं और पूरी रात करमा नृत्य होता है। अगले दिन करम डाली का जल में विसर्जन या पुनः प्रकृति में प्रतिष्ठापन किया जाता है।
सांस्कृतिक और दार्शनिक अर्थ
करमा उत्सव भारतीय परंपरा के उस विचार को व्यक्त करता है कि मनुष्य और प्रकृति परस्पर आश्रित हैं। वृक्ष, जल, भूमि और श्रम—इन सबका सम्मान ही समृद्ध जीवन का आधार है। इसलिए यह केवल धार्मिक पर्व नहीं, अपितु पर्यावरण संरक्षण, कृषि संस्कृति और सामाजिक एकात्मता का उत्सव भी है। भगवद्गीता का सिद्धांत “नियतं कुरु कर्म त्वम्” – करमा उत्सव की भावना से मेल खाता है कि जीवन का आधार कर्म है।
विश्व शांति
वेद के शांति मन्त्रों में केवल मानव मात्र में शांति की कामना नहीं है, अपितु द्युलोक, अन्तरिक्ष, पृथिवी, आप, वायु, औषधियां, वनस्पतियां इत्यादि सब में शान्ति की कामना की गयी हैं।
रामायण और महाभारत में जनजातीय समाज
वाल्मीकि रामायण में भगवान श्रीराम का निषादराज गुह, शबरी तथा वानर समुदाय से आत्मीय संबंध भारतीय समाज की समरसता का उदाहरण है। शबरी की भक्ति यह बताती है कि आध्यात्मिकता जाति या समुदाय से नहीं, श्रद्धा से जुड़ी है।

महाभारत में एकलव्य, किरात और अन्य वनवासी समुदायों का उल्लेख मिलता है। शिव का किरातार्जुनीय रूप भी वनवासी परम्परा और वैदिक आध्यात्मिकता के समन्वय का प्रतीक है। किरातों का वर्णन आज भी जनजातियों से साम्य प्रदर्शित करता है। वें युद्ध कला में निपुण, अपनी बात पर अडिग, समूह में रहनेवाले एवं नि:पक्ष होते थे। सत्य बोलना यह उनका स्वभाव था। कापट्य उनमें नहीं था। मुण्डकोपनिषद का वाक्य “सत्यमेव जयते” उन्हें पता नहीं था, किन्तु आचरण में सत्य था। चन्द्रपुर जिला केन्द्र पर मेरे पिता के मित्र अॅड्व्होकेट दादा देशकर जी से मैं न्यायालय में मिलने गया। वें उस समय न्यायाधीश के सामने में हत्या के वाद में तर्क कर रहे थे। इस कारण मुझे कुछ काल रुकना पड़ा। उनके बैठने के स्थान पर लौटने के बाद उन्होंने कहां कि न्यायालय में मैं जिस वाद में तर्क कर रहा था, उस वाद में साक्ष देने के लिए एक गोंड केवल लंगोट में न्यायालय में आया था। कारण उसके पास वस्त्र नहीं थे। न्यायालय ने उसपर पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। कारण न्यायाधीश को पता था कि यह गोंड कभी असत्य नहीं बोलेगा, भले ही उसका परिणाम कुछ भी हों। दु:ख का विषय है कि जब वही जनजातीय आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर पूरे शरीर को वस्त्रों से ढककर आता है, तो न्यायाधीश उस पर विश्वास नहीं करता।
पर्यावरण संरक्षण का वैदिक और जनजातीय दृष्टिकोण
आज विश्व पर्यावरण संकट से जूझ रहा है। वैदिक संस्कृति और जनजातीय जीवन दोनों प्रकृति के साथ संतुलित एवं सह-अस्तित्वपूर्ण जीवन का संदेश देते हैं।
जनजातीय समाज में अनेक स्थानों पर देववन (Sacred Groves) सुरक्षित रखे जाते हैं, जहाँ वृक्ष काटना निषिद्ध होता है। यह परम्परा जैव-विविधता संरक्षण का उत्कृष्ट उदाहरण है। संथाली इस देववन को “जाहेर थान” कहते हैं।
मत्स्य पुराण और पद्म पुराण में कहा गया है – दशकूपसमा वापी दशवापीसमो ह्रदः। दशह्रदसमः पुत्रो दशपुत्रसमो द्रुमः॥ अर्थ: दस कुओं के बराबर एक बावड़ी, दस बावड़ियों के बराबर एक तालाब, दस तालाबों के बराबर एक पुत्र और दस पुत्रों के बराबर एक वृक्ष है। अर्थात एक वृक्ष लगाना दस पुत्रों के पालन के समान पुण्यदायी है।
उपसंहार
वैदिक सनातन संस्कृति और जनजातीय परम्परा विरोधी नहीं, अपितु भारतीय संस्कृति की परस्पर पूरक धाराएँ हैं। दोनों परम्पराओं का मूल संदेश एक ही है – प्रकृति का दोहन नहीं तो पोषण और संरक्षण करना। दोनों लोककल्याण का संदेश देती हैं। भारत की सांस्कृतिक एकता इसी विविधता में निहित है। जनजातीय परम्पराओं का सम्मान और संरक्षण भारतीय ज्ञान-परम्परा को और अधिक समृद्ध बनाता है।
डिस्क्लेमर: यह खबर उपलब्ध स्रोतों और सत्यापन के आधार पर तैयार की गई है। किसी तथ्य में त्रुटि होने पर सुधार प्रकाशित किया जाएगा।
