भागीरथपुरा में जल संक्रमण प्रभावितों के बीच पहुंचे मंत्री जी और महापौर

मंत्री जी एवं महापौर ने किया स्वास्थ्य शिविरों निरीक्षण, मरीजों से संवाद

इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में जल संक्रमण के कारण उल्टी-दस्त से पीड़ित रहवासियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मंगलवार को सुबह से ही माननीय नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय एवं महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों एवं संजीवनी क्लीनिक का निरीक्षण किया तथा उपचाररत मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर स्वास्थ्य कर्मियों की अनुपस्थिति पाए जाने पर महापौर ने मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी को तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्र में हर समय पर्याप्त चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने की बात कही।

माननीय मंत्री जी एवं महापौर ने जल संक्रमण की स्थिति, मरीजों की संख्या और उपलब्ध उपचार सुविधाओं को लेकर स्वास्थ्य अधिकारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने भागीरथपुरा में ही बैठकर स्थानीय नागरिकों से चर्चा की, उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक सुझावों पर विचार किया।

माननीय मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय जी एवं महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि नगर निगम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित रहवासियों को त्वरित एवं प्रभावी उपचार, स्वच्छ पेयजल तथा आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि हालात शीघ्र सामान्य हो सकें। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में घर-घर सर्वे कराया जा रहा है और स्वास्थ्य विभाग की विशेष टीमें सक्रिय रूप से सर्वे एवं उपचार कार्य में जुटी हैं।

माननीय मंत्री जी एवं महापौर ने कहा कि प्रथम दृष्टि में पूरा मामला गंभीर प्रतीत होता है, जिसकी जानकारी मुख्यमंत्री को भी दे दी गई है। प्राथमिकता यह सुनिश्चित करने की है कि किसी भी मरीज को उपचार में विलंब न हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उपचार व्यवस्था के बाद पूरे मामले की गहन जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकरण में जिम्मेदारियों का निर्धारण भी किया जाएगा।
महापौर ने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी को मामूली भी स्वास्थ्य समस्या महसूस हो, तो तुरंत स्वास्थ्य शिविर या क्लीनिक में संपर्क करें, ताकि समय रहते उपचार संभव हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *