
इंदौर।
भागीरथपुरा में गंदे और ड्रेनेज मिले पानी की आपूर्ति से आठ निर्दोष नागरिकों की मौत के बाद अब यह मामला केवल प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि आपराधिक कृत्य बन चुका है। इसी को लेकर मंगलवार को इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल पुलिस थाना बाणगंगा पहुंचा और नगर निगम के शीर्ष अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज करने हेतु आवेदन सौंपा।

कांग्रेस ने साफ शब्दों में कहा कि नगर निगम की घोर लापरवाही ने पानी को “जीवन” नहीं बल्कि “जहर” बना दिया। ड्रेनेज का पानी पीने के पानी में मिलाकर सप्लाई किया गया, जिसके चलते 150 से अधिक लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हुए और उपचार के दौरान 8 लोगों की मौत हो गई। यह हादसा नहीं, बल्कि लापरवाही से उपजी मौतें हैं, जिनके लिए जिम्मेदारों को जेल जाना चाहिए।
मौतों की सूची ने झकझोरा शहर
इस जहरीले पानी ने जिन जिंदगियों को छीना, उनमें
70 वर्षीय नंदलाल पाल, 59 वर्षीय उर्मिला यादव, 70 वर्षीय ताराबाई, 50 वर्षीय गोमती रावत, 50 वर्षीय सीमा प्रजापत, 60 वर्षीय मंजुला वाडे और 32 वर्षीय उमा कोरी शामिल हैं।
कांग्रेस ने कहा कि इन मौतों की जिम्मेदारी तय किए बिना प्रशासन का हर बयान केवल लीपापोती है।
किन पर दर्ज हो मामला – कांग्रेस ने नाम लेकर मांगी कार्रवाई
कांग्रेस ने डीसीपी राम स्नेही मिश्रा को सौंपे गए आवेदन में मांग की कि इस गंभीर अपराध में निम्न पर तत्काल आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाए—
• महापौर पुष्यमित्र भार्गव
• नगर निगम आयुक्त दिलीप यादव
• जल समिति प्रभारी बबलू शर्मा
• अपर आयुक्त रोहित सिसोनिया
• पेयजल प्रभारी इंजीनियर संजीव श्रीवास्तव
• क्षेत्रीय पार्षद कमल वाघेला
इन सभी पर IPC की धारा 304A, 326, 284 तथा जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1974 की धारा 32 के तहत अपराध दर्ज करने की मांग की गई है।
कांग्रेस का दो टूक संदेश
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब प्रशासन की लापरवाही से पानी जहरीला हो जाए और लोग मरने लगें, तो जिम्मेदारों को केवल नोटिस नहीं बल्कि हथकड़ी पहनाई जानी चाहिए। यह मामला सीधे-सीधे आम जनता के जीवन से जुड़ा है और यदि अब भी कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
बड़ी संख्या में नेता रहे मौजूद
इस दौरान विधानसभा प्रभारी दीपू यादव, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, सत्यनारायण पटेल, राजेश चौकसे, राजा चौकसे, पार्षद राजू भदौरिया, सादिक खान, सुदामा चौधरी, अमित पटेल, अनसाफ अंसारी, अनवर दस्तक, रफीक खान, अमन बजाज, शैलेश गर्ग, देवेंद्र यादव, रीता डागरे, किरण जिरेती, प्रवेश यादव, राजेश शर्मा, ठाकुर जितेंद्र सिंह, साधना भंडारी, शैलू सेन, विशाल चतुर्वेदी, दानिश खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे
