पितृ पर्वत पर एक लाख से अधिक भक्तों का उमड़ा सैलाब, दिनभर बना रहा श्रद्धा का अखंड प्रवाह

इंदौर।


अंग्रेजी नववर्ष के पहले दिन इंदौर का विश्व प्रसिद्ध दर्शनीय तीर्थस्थल पितृ पर्वत आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र बना रहा। सुबह से देर रात तक पितृ पर्वत परिसर, मंदिर का गर्भगृह और मुख्य प्रतिमा के दर्शन के लिए एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं का अखंड सैलाब उमड़ा रहा।

श्रद्धालुओं की आस्था का आलम यह रहा कि जितने भक्त ऊपर दर्शन कर रहे थे, उससे कहीं अधिक संख्या में लोग नीचे दर्शन की प्रतीक्षा में कतारबद्ध खड़े रहे। यह स्थिति पूरे दिन बनी रही। भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल को कई बार श्रद्धालुओं से समझाइश (मनुहार) भी करनी पड़ी।

पितृ पर्वत की व्यवस्थाएं संभाल रहे महेश दलोदरा एवं राजेश जोशी ने बताया कि भक्तों की भारी उपस्थिति को देखते हुए तत्काल खिचड़ी प्रसाद वितरण की विशेष व्यवस्था की गई। पूरे दिन करीब एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

नववर्ष के अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक वातावरण देखने को मिला। गर्भगृह एवं मुख्य प्रतिमा का विशेष श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा, जिसे देखने के लिए भक्तों में खास उत्साह नजर आया।

श्रद्धालुओं ने पितृ पर्वत पर दर्शन कर नए वर्ष की शुरुआत श्रद्धा, शांति और आध्यात्मिक भाव के साथ की। व्यवस्थाओं के बीच संयम और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *