
इंदौर | 01 जनवरी 2026 अनुषठ चोहान
भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से बड़ी संख्या में नागरिकों के बीमार होने और मौतों की घटना को गंभीरता से लेते हुए इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री चिंटू चौकसे ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वे और पीड़ित परिवारों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए 9 सदस्यीय निरीक्षण कमेटी के गठन की घोषणा की है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री चौकसे ने बताया कि यह कमेटी भागीरथपुरा क्षेत्र में घर-घर जाकर दूषित पानी से प्रभावित नागरिकों एवं मृतकों की विस्तृत जानकारी एकत्र करेगी। कमेटी यह भी जांच करेगी कि पीड़ितों को समुचित और समय पर इलाज मिल रहा है या नहीं, वे किस अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी चिकित्सा व्यवस्था संतोषजनक है या नहीं।
इसके साथ ही कमेटी द्वारा यह जानकारी भी जुटाई जाएगी कि मृतकों के परिजनों एवं बीमार नागरिकों को शासन द्वारा घोषित आर्थिक सहायता प्राप्त हुई है या नहीं। यदि किसी परिवार को सहायता नहीं मिली है या इलाज में कोई परेशानी आ रही है, तो उसे भी रिपोर्ट में शामिल किया जाएगा।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यह कमेटी पीड़ित परिवारों की समस्याओं को प्रशासन और सरकार के समक्ष मजबूती से रखने का कार्य करेगी। कमेटी द्वारा तैयार की गई पूरी रिपोर्ट इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की राजनीतिक और प्रशासनिक कार्रवाई की रणनीति तय की जाएगी।
निरीक्षण कमेटी के सदस्य
- मदन यादव
- दयाल भदकारे
- दीपक मलोरिया
- रमेश बिंजवा
- आशीष यादव
- पूनम सांवरिया
- छोटे मौर्य
- ओमप्रकाश मिश्रा
- अमित यादव
शहर कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि पार्टी इस मानवीय संकट को केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि पीड़ित नागरिकों को न्याय और राहत दिलाने का प्रश्न मानती है। कांग्रेस पार्टी प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उनकी आवाज़ शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
