इंदौर विकास की राह पर निरंतर अग्रसर, वर्ष 2026 में भी जारी रहेगी विकास की गति-इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA)

इंदौर विकास की राह पर निरंतर अग्रसर, वर्ष 2026 में भी जारी रहेगी विकास की गति

स्वच्छता में देश में अग्रणी रहा इंदौर अब अधोसंरचना और नगरीय विकास के क्षेत्र में भी नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) द्वारा वर्ष 2025 में शहर के नियोजित और सतत विकास की दिशा में अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाएँ सफलतापूर्वक पूर्ण की गईं, जबकि वर्ष 2026 के लिए भी मेगा विकास योजनाओं का खाका तैयार कर लिया गया है।

प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालिक अधिकारी डॉ. परिक्षित झाड़े ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2025 में यातायात सुधार के लिए संत श्री सेवालाल जी महाराज फ्लायओवर सहित भंवरकुआँ, लवकुश और खजराना क्षेत्र में फ्लायओवर्स का निर्माण किया गया, जिससे शहर के प्रमुख चौराहे सिग्नल-मुक्त हुए और प्रतिदिन लाखों वाहन निर्बाध रूप से आवागमन कर पा रहे हैं। इसके साथ ही लगभग 87 किलोमीटर मास्टर प्लान सड़कों का निर्माण कर शहर की कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया।

पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्यों के दौरान 2000 बाधित वृक्षों के स्थान पर नए पौधे लगाए गए तथा 1400 से अधिक वृक्षों का रोपण किया गया। वहीं, एम.आर.-10 पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित अंतरराष्ट्रीय बस टर्मिनल ने इंदौर को परिवहन के क्षेत्र में एक नई पहचान दी है।

शिक्षा, सामाजिक सरोकार और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में भी प्राधिकरण की भूमिका सराहनीय रही। सी.एम. राइज स्कूलों, स्नेह धाम आवासीय परियोजना और 250 वर्ष पुरानी अहिल्यामाता बावड़ी के जीर्णोद्धार जैसे कार्यों ने शहर के समग्र विकास को नई दिशा दी है।

वर्ष 2026: इंदौर के लिए विकास का नया अध्याय

आगामी वर्ष 2026 में इंदौर विकास प्राधिकरण इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। मास्टर प्लान सड़कों, नई टी.पी.एस. योजनाओं, एम.आर.-11 और एम.आर.-12 जैसी प्रमुख सड़कों, फ्लायओवर और ब्रिज निर्माण से शहर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा।

साथ ही 1800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला कन्वेंशन-कम-एक्जिबिशन सेंटर, सुपर कॉरिडोर पर स्टार्ट-अप पार्क, कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, आवासीय योजनाएँ और मनोरंजन परियोजनाएँ इंदौर को आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक रूप से और अधिक सशक्त बनाएँगी।

डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में भी बड़ा कदम उठाते हुए IDA द्वारा फाइलों के डिजिटलीकरण और नागरिक सेवाओं को ऑनलाइन किया जा रहा है। 1 जनवरी 2026 से लीज नवीनीकरण की प्रक्रिया ऑनलाइन शुरू होगी, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और आम नागरिकों को त्वरित सेवाएँ मिल सकेंगी।

कुल मिलाकर, इंदौर विकास प्राधिकरण के सुनियोजित प्रयासों से इंदौर एक विकासशील, आधुनिक और भविष्य-उन्मुख स्मार्ट सिटी के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है—जिस पर शहरवासियों को गर्व है और आने वाले वर्षों में जिसकी पहचान और भी सशक्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *