
उज्जैन। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल आपूर्ति से हुई मौतों और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की घटना को लेकर आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। इसी क्रम में मंगलवार शाम उज्जैन के टावर चौक पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए जल आपूर्ति व्यवस्था में हुई लापरवाही को लेकर सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर विरोध जताया। पुलिस की मौजूदगी में पुतला जलाया गया, जिसके बाद उसे बुझाने को लेकर कुछ देर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पुतले में लगी आग को बुझाया।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि दूषित पानी की आपूर्ति के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस और अल्पसंख्यक कांग्रेस के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे, जिनमें गोल्डी टुटेजा, स्वर शंकर जोशी, दुर्गेश धवन, अल्पसंख्यक कांग्रेस शहर उपाध्यक्ष बंटी शाह, ब्लॉक उपाध्यक्ष चेतन चौधरी, प्रवीण चौहान, तनिज जाट, हर्ष नामदेव, पियूष सारवान, मोईन खान और इशान साहील खान प्रमुख रूप से मौजूद थे।
